हिंदी
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तराखंड सरकार के साथ वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से केदारनाथ धाम विकास और पुनर्निमाण परियोजना के काम की समीक्षा की।
मोदी ने केदारनाथ धाम के पुनर्निमाण पर अपना दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि राज्य सरकार को केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे पवित्र स्थलों का विकास इस तरह से करना चाहिए कि ये भविष्य की कसौटी पर खरा उतरे तथा साथ ही इससे पर्यावरण और आस पास की प्राकृतिक चीजों को नुकसान नहीं पहुंचे।
केदारनाथ में पुनर्विकास के अलावा रामबन से लेकर केदारनाथ तक अन्य हेरिटेज सेंटर विकसित करने पर भी चर्चा हुई । ब्रह्म कमल वाटिका समेत दूसरी जगहों के विकास पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इन प्रयासों से जहां हमारा सांस्कृतिक जुड़ाव गहरा होगा, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2020
प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए और पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं की कम संख्या के मद्देनजर इस समय का इस्तेमाल सभी लंबित कामों को पूरा करने के लिए किया जाना चाहिए। काम के दौरान सामाजिक दूरी के नियम का सख्ती से इस्तेमाल किया जाना चाहिए।उन्होंने रामबन से लेकर केदारनाथ तक अन्य विरासत तथा धार्मिक स्थलों के विकास के बारे में भी निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि ये काम केदारनाथ परियोजना से अलग किये जाने चाहिए। बैठक में ब्रह्म कमल वाटिका और एक संग्रहालय के विकास कार्य की स्थिति पर के संबंध में भी चर्चा की गयी।बैठक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। (वार्ता)
Published : 10 June 2020, 7:29 PM IST
Topics : Coronavirus Pandemic COVID 19 Kedarnath Dham project Narendra Modi केदारनाथ धाम परियोजना नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री