Live Now

Republic Day 2026 Live: 77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति से सराबोर भारत, कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन

भारत 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है। कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया गया है, जबकि दिल्ली और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़ें पल-पल की अपडेट।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 January 2026, 8:08 AM IST
google-preferred

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 26 Jan 2026 09:42 AM (IST)

      योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया ध्वजारोहण

      उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान के आदर्शों का पालन करने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया। समारोह में परिवारजन और कुछ अधिकारी भी मौजूद रहे।

    • 26 Jan 2026 09:14 AM (IST)

      पहली बार गणतंत्र दिवस पर होगी कॉम्बैट परेड

      इस वर्ष 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में पारंपरिक परेड की जगह पहली बार कॉम्बैट परेड आयोजित की जाएगी। कर्तव्य पथ पर थलसेना, वायुसेना और नौसेना के सैनिक पारंपरिक गियर की बजाय युद्धभूमि की भूमिका में मार्चिंग करेंगे। बैटल एरे में टैंक, तोप, रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन सहित ऑपरेशन सिंदूर के सैनिक तैनात होंगे। कैवलरी भी पहली बार कॉम्बैट वेशभूषा में दिखेगी।

    • 26 Jan 2026 08:54 AM (IST)

      चेन्नई में गणतंत्र दिवस समारोह पर गवर्नर ने फहराया तिरंगा

      तमिलनाडु के गवर्नर आरएन रवि ने चेन्नई में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सहित राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

    • 26 Jan 2026 08:52 AM (IST)

      शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र

      भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को शांति काल के सर्वोच्च वीरता सम्मान अशोक चक्र से नवाजा गया है। इस उपलब्धि पर उनकी बहन शुचि मिश्रा ने गर्व जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण को राष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने इसे परिवार और देश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बताया।

    • 26 Jan 2026 08:29 AM (IST)

      गणतंत्र दिवस पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष सजावट

      77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ धाम को विशेष रूप से सजाया गया। मंदिर में स्थापित शिवलिंग का श्रृंगार तिरंगे के रंगों के फूलों से किया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि और शांति की कामना की।

    • 26 Jan 2026 08:26 AM (IST)

      पीएम नरेंद्र मोदी ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई

      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। पीएम ने कामना की कि गणतंत्र दिवस सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लाए और विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत हो।

    • 26 Jan 2026 08:22 AM (IST)

      योगी आदित्यनाथ ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई

      उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए संविधान के मूल्यों पर चलकर सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का संदेश दिया।

    • 26 Jan 2026 08:18 AM (IST)

      दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

      77वें गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र दिल्ली और आसपास के बॉर्डर इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। गाजीपुर बॉर्डर पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग लगाई गई है, साथ ही लोहे की कीलें भी स्थापित की गई हैं। पुलिस द्वारा आने-जाने वाले हर वाहन की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है।

New Delhi: भारत आज पूरे गौरव और उत्साह के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने ऐतिहासिक संघर्ष, वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों पर आत्ममंथन का अवसर देता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीरों को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाए रखने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत भारत माता के दिव्य स्वरूप का प्रतीक है, जो हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की भावना जगाता है।

राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इससे पहले परेड की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली और आसपास के बॉर्डर इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गाजीपुर बॉर्डर सहित कई स्थानों पर बहुस्तरीय बैरिकेडिंग, कड़ी निगरानी और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगा हुआ है और हर ओर राष्ट्रगान व देशभक्ति के जयघोष सुनाई दे रहे हैं।

 

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 26 January 2026, 8:08 AM IST

Advertisement
Advertisement