भारत और मालदीव ने छह समझौतों पर किये हस्ताक्षर, जानिये इन सभी के बारे में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह के बीच मंगलवार को हुई शिखर वार्ता के बाद भारत और मालदीव ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 2 August 2022, 3:29 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह के बीच मंगलवार को हुई शिखर वार्ता के बाद भारत और मालदीव ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

दोनों देशों के बीच क्षमता निर्माण, साइबर सुरक्षा, आवास, आपदा प्रबंधन और बुनियादी ढांचे में सहयोग बढ़ाने को लेकर समझौते हुए हैं।

शिखर वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मालदीव को 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त ऋण सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया गया है ताकि सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों में नया जोश देखने को मिला है और नजदीकियां बढ़ीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कोविड महामारी से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद हमारे बीच का सहयोग व्यापक साझेदारी का रूप ले रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंद महासागर में अंतरराष्ट्रीय अपराध, आतंकवाद और मादक पदार्थों की तस्करी का खतरा गंभीर है। उन्होंने कहा कि शांति के लिए भारत-मालदीव के बीच घनिष्ठ संबंध महत्वपूर्ण हैं।

यह भी पढ़ें: श्रीलंका में प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति भवन और पीएम ऑफिस करने लगे खाली, संकट बरकरार, जानिये ये बड़े अपडेट

उन्होंने कहा कि भारत-मालदीव साझेदारी न केवल दोनों देशों के नागरिकों के हित में काम कर रही है, बल्कि यह स्थिरता का स्रोत भी बन रही है। प्रधानमंत्री नेकहा कि मालदीव की किसी भी जरूरत या संकट पर भारत ने सबसे पहले प्रतिक्रिया दी है और आगे भी देता रहेगा।

वहीं, मालदीव के राष्ट्रपति सोलिह ने कहा कि हम आतंकवाद के खतरे से निपटने के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हैं।

उन्होंने कहा कि मालदीव भारत का सच्चा मित्र रहेगा।

यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त: संसद अध्यक्ष

सोलिह एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ चार दिवसीय भारत यात्रा के लिए सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे।

मालदीव हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के प्रमुख समुद्री पड़ोसियों में से एक है और पिछले कुछ वर्षों में रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्रों सहित समग्र द्विपक्षीय संबंधों में वृद्धि हुई है। (भाषा)

Published : 
  • 2 August 2022, 3:29 PM IST

Related News

No related posts found.