Milkha SIngh: पंचतत्व में विलीन हुए फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह, नम आंखों से देश ने दी अंतिम विदाई

दुनिया के महान धावक और फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह को नम आंखों से अंतिम विदायी दी गई। चंडीगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पढ़िये पूरी रिपोर्ट

Updated : 19 June 2021, 5:55 PM IST
google-preferred

चंडीगढ़: दुनिया के महान धावक और चार बार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता रहे मिल्खा सिंह ने आज अपनी अंतिम यात्रा पर निकल चुके हैं। दुनिया भर के एथलीटों को धूल चटाने वाले 'फ्लाइंग सिख' मिल्खा सिंह को अबसे थोड़ी देर पहले देश वासियों ने नम आंखों से अपनी अंतिम विदाई दी। शनिवार शाम को चंडीगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

चंडीगढ़ के मटका चौक स्थित शमशान घाट में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, पंजाब के गवर्नर, पंजाब के खेल मंत्री सहित कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में मिल्खा सिंह को देश ने अंतिम सलामी दी। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मिल्खा सिंह के सम्मान में पंजाब में एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।

मिल्खा सिंह चार बार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता रहे। उन्होंने 1958 राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। 1956 और 1964 ओलंपिक में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनकी गिनती दुनिया के महान धावकों और एथलीट्स में होती हैं।

मिल्खा सिंह का आज तड़के 91 साल की उम्र में निधन हो गया। वह कोरोना संक्रमित थे। उनका ऑक्सीजन लेवल भी काफी कम हो गया था। उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी, उन्हें इलाज के लिये चंडीगढ़ के PGI अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई है।  

मिल्खा सिंह के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम नेताओं और देश की जानी-मानी शख्सियतों ने मिल्खा के निधन पर शोक जताया है। फिल्म अभिनेता और मिल्खा सिंह पर बनीं फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले फरहान अख्तर ने भी संवेदना प्रकट की है।

इसी हफ्ते मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का देहांत भी कोरोना की वजह से हो गया था। मिल्खा सिंह कोरोना संक्रमित होने के कारण पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। निर्मल मिल्खा सिंह 85 वर्ष की थीं।
 

 

Published : 
  • 19 June 2021, 5:55 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement