हिंदी
फतेहपुर के थाना क्षेत्र के कंधिया मोड़ के पास मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बहनों को परीक्षा दिलाने जा रहा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके से गुजरते राहगीर
Fatehpur: फतेहपुर के थाना क्षेत्र के कंधिया मोड़ के पास मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बहनों को परीक्षा दिलाने जा रहा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक छात्रा घायल हो गई। घटना के कारण एक छात्रा का बोर्ड परीक्षा का पेपर भी छूट गया, जिससे परिजन परेशान हैं।
अन्दमऊ मजरे झब्बापुर निवासी विकास (30) पुत्र सुरेश मंगलवार सुबह अपनी बहन अंजली (15) और पारिवारिक बहन रिंकी (16) को बाइक से परीक्षा दिलाने ले जा रहा था। दोनों छात्राएं आदर्श इंटर कॉलेज बेसड़ी की हाईस्कूल की छात्राएं हैं और असोथर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में 10वीं कक्षा के कला विषय का पेपर देने जा रही थीं।
जैसे ही वे कंधिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कोहरे के कारण बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में विकास के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि अंजली भी घायल हो गई। रिंकी को मामूली झटका लगा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजसेवी सूरजभान पाल निवासी विधातीपुर, नगर पंचायत असोथर ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर भेजा। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विकास की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल सदर रेफर कर दिया। अंजली का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि रिंकी को चोट न लगने के कारण परिजनों ने उसे परीक्षा देने के लिए विद्यालय भेज दिया। हादसे के कारण अंजली का पेपर छूट जाने से छात्रा और उसके पिता सुरेश परेशान हैं।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि कोहरे के कारण हादसा होने की सूचना मिली है। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। ट्रैक्टर की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।