Gorakhpur: जमीन घोटाले का पर्दाफाश, दो महिलाओं पर मुकदमा दर्ज

गोरखपुर में पुलिस ने एक गंभीर जालसाजी मामले का खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 14 April 2025, 8:37 AM IST
google-preferred

गोरखपुर: गोरखपुर में पुलिस ने एक गंभीर जालसाजी मामले का खुलासा करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की कोशिश करने का आरोप है। 

डाइामाइट न्यूज के संवाददाता के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत चिलुआताल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुदामी देवी और भगवानी देवी को गिरफ्तार किया। इन दोनों महिलाओं पर आरोप है कि उन्होंने मिलकर एक महिला की जमीन को अवैध रूप से दूसरे के नाम पर बैनामा कर दिया।

पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला की शिकायत पर चिलुआताल थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि दोनों महिलाओं ने मिलकर जालसाजी की योजना बनाई और फर्जी कागजात तैयार कर जमीन के स्वामित्व को गलत तरीके से बैनामा कर दिया। पुलिस ने सबूत जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

रामपुर की रहने वाली हैं दोनों महिलाएं

गौरतलब है कि गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान सुदामी देवी और भगवानी देवी के रूप में हुई है, जो दोनों गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के रामपुर गोपालपुर गांव की निवासी हैं। सुदामी देवी, स्वर्गीय शंकर की पत्नी हैं, जबकि भगवानी देवी, स्वर्गीय रामाज्ञा की पत्नी हैं।

दोनों महिलाओं पर भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया है, जो धोखाधड़ी, दस्तावेजों की कूटरचना और आपराधिक धमकी जैसे अपराधों से संबंधित हैं।

पुलिस मामले की गहराई से कर रही जांच

चिलुआताल थाना पुलिस टीम में उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण द्विवेदी, उप निरीक्षक आकाश जायसवाल, महिला उप निरीक्षक अंजना कुशवाहा और कांस्टेबल मनोज यादव शामिल थे। इस टीम ने सतर्कता और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को पकड़ने में सफलता पाई। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस जालसाजी में और भी लोग शामिल हैं।

दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

इस कार्रवाई को गोरखपुर में जमीन संबंधी अपराधों पर रोक लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में किसी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। वहीं, गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ विधिक कार्यवाही जारी है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

Published : 
  • 14 April 2025, 8:37 AM IST

Advertisement
Advertisement

No related posts found.