हिंदी
नोएडा: शहर में स्थित गार्डेन गैलेरिया मॉल में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता की जांच में पता चला है कि एक बार फिर ताजा मामला सामने आया है। गार्डेन गैलेरिया मॉल में पार्टी करने आई 3 लड़कियों के साथ छेड़खानी की गई। बड़ी बात तो यह है कि छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपियों ने सड़क से उठवाने की धमकी दे दी। मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो तत्काल एक्शन लिया गया। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को दबोचा है। तीनों आरोपी मूलरूप से दिल्ली के रहने वाले है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित लड़की ने नोएडा सेक्टर-39 पुलिस स्टेशन में शिकायत दी। जिसमें उन्होंने बताया कि वह बीते दिनों अपनी 2 सहेलियों के साथ गार्डन गैलेरिया मॉल में पार्टी करने गई थी। तीनों जब डांस कर रही थी, तभी 3 लोग आए और उनके साथ छेड़खानी करने लगे। इस छेड़खानी के दौरान उन्होंने खूब विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माने और उन्हें लगातार परेशान करते रहे। तीनों आरोपियों ने शराब के नशे में युवतियों के साथ डांस करने की जिद्द की थी। आरोपियों के साथ डांस नहीं करने पर उन्होंने लड़कियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए गलत तरीके से छूआ। जिसके बाद लड़कियां डर गई और मामले की शिकायत क्लब के मैनेजर से थी।
लड़की को सड़क से उठवाने की धमकी
बताया जा रहा है कि मैनेजर तुरंत मौके पर पहुंचा और युवतियों को परेशान कर रहे युवकों को बाहर जाने को कहा गया। जाते समय दीपंजन घोष नामक आरोपी ने पीड़ित लड़की को बाहर से उठवाने की धमकी दी। डर के कारण युवतियां सहमी हुई और काफी देर तक मॉल से बाहर ही नहीं गई। इस दौरान मामले की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि युवतियों ने बदसलूकी का विरोध किया तो आरोपियों ने वहां पर हंगामा करना शुरू कर दिया। शराब पी रहे अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की थी। पुलिस मॉल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि प्राथमिक जांच में छेड़खानी के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस सख्ती के साथ जांच कर रही है।
इसी मॉल में हुई थी युवक की हत्या
वर्ष 2022 में 25 अप्रैल की देर रात लॉस्ट लेमन बार में बृजेश राय की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। पार्टी के दौरान बाउंसर्स से भिड़ंत के बाद युवक की हत्या कर दी गई थी। जिसका सीसीटीवी फुटेज आने के बाद कार्रवाई करते हुए बार का लाइसेंस तक रद्द कर दिया गया था। साथ ही बार में सुरक्षा के तौर पर लगे बाउंसरों को हटा दिया गया था। इसके बाद भी मॉल में मारपीट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे है।
Published : 3 April 2025, 9:53 AM IST
Topics : Club in Noida Crime in Noida Garden Galleria Mall Garden Galleria Mall Club Noida City Noida Crime Story Noida Hindi News Noida police UP Crime Story Women Safety