Mainpuri: डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव का जोरदार संबोधन, करहल सीट बनी आकर्षण का केंद्र

यूपी उपचुनाव में धमाकेदार चुनाव प्रचार-प्रसार हो रहा है। आज मैनपुरी के करहल में डिंपल यादव ने सभा को संबोधित किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 27 October 2024, 8:39 PM IST
google-preferred

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश में 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव का प्रचार अपने चरम पर पहुंचने लगा है। उपचुनाव में मैनपुरी (Mainpuri) की करहल सीट आकर्षण के केंद्र बनी हुई है। रविवार को लोकसभा सांसद डिंपल यादव लगातार दूसरे दिन करहल पहुंचीं। यहां उन्होंने सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव के समर्थन में चुनाव कैंपेंन को धार दिया और जनसभाओं को संबोधित किया। 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक चुनाव के प्रचार अभियान से पहले और बीच-बीच में डिंपल यादव का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। करहल विधानसभा के थाना घिरोर क्षेत्र के ग्राम ‌शाहजहांपुर में डिंपल यादव ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। डिंपल यादव के अलावा आजमगढ़ से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव (Dharmendra Yadav) और करहल से पार्टी प्रत्याशी तेज प्रताप यादव ने भी जनसभा को संबोधित किया। यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं व नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।

प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त
मीडिया से बातचीत में डिंपल यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता और नेता चुनाव प्रचार में जुट गये हैं। करहल (Karhal) के नतीजे ऐतिहासिक होंगे। डिंपल यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। पुलिस हिरासत में मौतें हो रही हैं, जो बेहद गंभीर है। यूपी उपचुनाव के नतीजे भी लोकसभा चुनाव जैसे होंगे और जनता सरकार को सबक सिखायेगी। 

बता दें कि करहल को यादव बाहुल्य सीट माना जाता है। यहां के चुनाव मैदान में उतरे भाजपा (BJP) व सपा के दोनों ही प्रत्याशी यादव हैं, लेकिन जिस तरह से सपा (SP) यहां जोरदार तरीके से प्रचार में जुटी हुई है, उससे सपा प्रत्याशी तेज प्रताप की जीत आसान नजर आती है।