हिंदी
बदायूं: जनपद न्यायालय में तैनात महिला सिविल जज की शनिवार सुबह हुई संदिग्ध मौत के मामले अब नया मोड़ आया है। महिला जज का शव उनके सरकारी आवास पर फंदे से लटकता पाया गया था। महिला जज द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के अटकलों के बीच पुलिस ने इस मामले में अब हत्या का केस दर्ज किया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार सिविल जज ज्योत्सना रॉय की संदिग्ध मौत के मामले में मृतका के पिता ने सदर कोतवाली शिकायत देकर हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मृतक महिला जज के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: सपा नेता रामगोपाल यादव ने अदालती फैसलों पर उठाया बड़ा सवाल
जानकारी के मुताबिक महिला जज के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद अब शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेटों की निगरानी में होगा रविवार दोपहर बाद होगा।
मृतक महिला जज के पिता का आरोप है कि ज्योत्सना रॉय की हत्या कर उसके शव को फांसी लटकाया गया ताकि हत्या के मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
बता दें कि मृतक सिविल जज, जूनियर डिवीजन ज्योत्सना रॉय मूल रूप से मऊ के रहने वाली थी और पिछले एक साल से बदायूं कोर्ट में तैनात थीं। वह बदायूं से पहले अयोध्या में भी तैनात रहीं।
महिला जज की मौत के बाद शनिवार को एसएसपी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जज के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर कई जज, अधिवक्ता और पुलिस टीम पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Published : 4 February 2024, 11:29 AM IST
Topics : Badaun judge murder police uttar pradesh उत्तर प्रदेश पुलिस बदायूं महिला जज हत्या