हिंदी
UP T20 लीग (Img- Internet)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की अपनी घरेलू क्रिकेट लीग (UP T20) अब मात्र एक क्षेत्रीय टूर्नामेंट नहीं रह गई है। यह लीग प्रदेश के उन युवा खिलाड़ियों के लिए एक 'लॉन्चपैड' साबित हो रही है, जिनका सपना कभी IPL की चकाचौंध या टीम इंडिया की नीली जर्सी पहनना था।
पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो करीब 35 से 40 खिलाड़ियों ने इस मंच का इस्तेमाल कर क्रिकेट की बड़ी दुनिया में अपनी धाक जमाई है। अब 2026 में इसके चौथे सीजन का आयोजन कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने जा रहा है, जिसने प्रदेश के युवा टैलेंट में नई ऊर्जा भर दी है।
UP T20 लीग की कामयाबी का सबसे बड़ा उदाहरण मेरठ के समीर रिज़वी हैं। लीग में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद IPL नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा। इसी तरह, माधव तिवारी ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार खेल दिखाकर सबको प्रभावित किया।
विप्रज निगम, वितेश तिवारी और स्वास्तिक चिकारा जैसे उभरते सितारों ने यह साबित कर दिया है कि अगर सही मंच मिले, तो यूपी के छोटे शहरों का टैलेंट किसी से कम नहीं है। रिंकू सिंह, ध्रुव जुरेल और यश दयाल जैसे नाम आज यूपी क्रिकेट की पहचान बन चुके हैं।
IPL 2026: क्या पंजाब किंग्स बचा पाएगी अपना अस्तित्व? मुंबई इंडियंस के खिलाफ ‘करो या मरो’ की जंग
UP T20 लीग के 2026 सीजन का पूरा आयोजन कानपुर के ग्रीन पार्क में होना तय हुआ है। लीग चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पिछले कुछ सीजन में किराये की ऊंची दरों (लगभग 10 करोड़ रुपये) के कारण मैच लखनऊ में कराने पड़े थे।
हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राजीव शुक्ला के हस्तक्षेप के बाद किराये में भारी कटौती की गई है। अब पूरे सीजन का किराया 1 करोड़ रुपये के आसपास रखा गया है, जिससे टूर्नामेंट की वापसी कानपुर के ऐतिहासिक मैदान पर संभव हो सकी है।
बरेली में IPL सट्टेबाजी का भंडाफोड़! शराब कारोबारी गिरफ्तार, करोड़ों का हवाला कनेक्शन उजागर
लीग प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य 'टैलेंट सर्च' है। डॉ. संजय कपूर के अनुसार, यूपी के खिलाड़ियों का IPL में करोड़ों कमाना इस बात का प्रमाण है कि यहाँ की प्रतिभा अब छिपी नहीं है। अगस्त-सितंबर 2026 में होने वाला यह टूर्नामेंट न केवल कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए मनोरंजन का साधन बनेगा, बल्कि कई और नए सितारों को जन्म देगा। पहले कुछ मैच अन्य शहरों में कराने पर विचार था, लेकिन अब पूरा रोमांच कानपुर की मिट्टी पर ही देखने को मिलेगा।
Location : Lucknow
Published : 14 May 2026, 10:07 AM IST