हिंदी
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अमेरिका के सामने 162 रन का लक्ष्य रखा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शानदार नाबाद 84 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
सूर्यकुमार यादव
New Delhi: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और अमेरिका के बीच मुकाबले में टीम इंडिया की शुरुआत भले ही खराब रही हो, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेकर पारी को संभाल लिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए और अमेरिका के सामने 162 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। इस स्कोर के हीरो रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव। जिन्होंने दबाव के बीच नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली।
पहली गेंद पर झटका, पावरप्ले में बिखरी बल्लेबाजी
भारतीय पारी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। ओपनर अभिषेक शर्मा अपनी पहली ही गेंद पर अली खान का शिकार बन गए और खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की और कुछ अच्छे शॉट भी लगाए। हालांकि पावरप्ले का आखिरी ओवर भारत के लिए भारी पड़ गया। शैडली वान शल्कविक ने इस ओवर में कमाल की गेंदबाजी करते हुए ईशान किशन को 20 रन पर आउट किया। इसके बाद अंतिम दो गेंदों पर तिलक वर्मा 25 रन बनाकर और शिवम दुबे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। शिवम के आउट होते ही भारत का स्कोर 46 रन पर चार विकेट हो गया।
कप्तान की क्लास, सूर्या का दमदार जवाब
लगातार विकेट गिरने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालते हुए आक्रामक और समझदारी भरा खेल दिखाया। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और अमेरिकी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। सूर्यकुमार ने रिंकू सिंह और हार्दिक पंड्या के साथ अहम साझेदारियां कीं और रन गति को बनाए रखा। अंत तक टिके रहकर उन्होंने नाबाद 84 रन की पारी खेली, जिसने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अमेरिका के सामने अब बड़ी चुनौती
अंतिम ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन जोड़ने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। इसके बावजूद सूर्यकुमार यादव की बदौलत भारत 161 रन तक पहुंचने में सफल रहा। वानखेड़े की पिच पर यह स्कोर आसान नहीं माना जा रहा है और अमेरिका को जीत के लिए दमदार बल्लेबाजी करनी होगी।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती मैदान में उतरे। वहीं अमेरिका की टीम में सैतेजा मुक्कामाला, एंड्रीज गौस, कप्तान मोनांक पटेल, मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, अली खान और सौरभ नेत्रवलकर शामिल हैं।