हिंदी
रोनाल्डो-मेसी की फेहरिस्त में शामिल हुईं स्मृति मंधाना (Img: Google)
New Delhi: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्हें TIME मैगजीन की 2026 की 100 सबसे प्रभावशाली खेल हस्तियों की सूची में शामिल किया गया है। इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाने वाली वह एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। स्मृति का नाम फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेसी, टेनिस स्टार कार्लोस अल्कारेज और बास्केटबॉल दिग्गज लेब्रोन जेम्स जैसी वैश्विक हस्तियों के साथ शामिल किया गया है।
TIME की इस विशेष सूची में क्रिकेट जगत से केवल दो खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें भारत की स्मृति मंधाना और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा शामिल हैं। यह उपलब्धि महिला क्रिकेट में स्मृति के बढ़ते प्रभाव और उनके शानदार प्रदर्शन को दर्शाती है। क्रिकेट जगत में उनका नाम अब वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली खिलाड़ियों की श्रेणी में गिना जा रहा है।
TIME ने अपनी प्रोफाइल में स्मृति मंधाना की कई ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख किया है। मुंबई में जन्मीं बाएं हाथ की ओपनर घरेलू एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हैं। वह तीनों अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर भी हैं।
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भी स्मृति 17 शतकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इसके अलावा वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 से अधिक वनडे अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी बन चुकी हैं।
व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ-साथ स्मृति ने टीम की सफलता में भी अहम योगदान दिया है। उनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2024 और 2026 में महिला प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब जीता। वहीं भारत की ICC महिला विश्व कप जीत में उन्होंने उपकप्तान के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं।
साल 2024 में उन्होंने महिला क्रिकेट में एक वर्ष में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया, जिसे बाद में खुद ही तोड़ दिया। इसी उपलब्धि के लिए उन्हें 2025 का BBC Indian Sportswoman of the Year सम्मान भी मिला।
TIME की 2026 की सूची में अमेरिकी बास्केटबॉल स्टार लेब्रोन जेम्स शीर्ष स्थान पर हैं। इसके अलावा एलीन गू, विक्टर वेम्बान्यामा, रोरी मैक्लरॉय, जालेन ब्रनसन और FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो जैसे बड़े नाम भी सूची का हिस्सा हैं।
Location : New Delhi
Published : 16 June 2026, 7:24 PM IST