

स्मृति मंधाना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार फॉर्म में हैं और वनडे विश्व कप 2025 से पहले इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी हैं। उन्होंने 2025 में अब तक 803 रन बनाए हैं और एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन पूरे करने के लिए उन्हें केवल 197 रनों की जरूरत है।
स्मृति मंधाना (Img: Internet)
New Delhi: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। वनडे विश्व कप 2025 से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही तीन मैचों की सीरीज़ में उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा, लेकिन मंधाना पहले ही अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच चुकी हैं। दूसरे वनडे में उन्होंने सिर्फ 77 गेंदों में शतक जड़ दिया, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भारतीय महिला का सबसे तेज शतक है।
दूसरे मैच में मंधाना ने 91 गेंदों पर 117 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 छक्के शामिल थे। यह उनके करियर का 12वां वनडे शतक था। इस पारी के साथ उन्होंने 2025 में वनडे प्रारूप में 803 रन पूरे कर लिए हैं। इस साल उनका औसत 61.76 रहा है, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने अब तक 3 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं।
अब स्मृति मंधाना को एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन पूरे करने के लिए केवल 197 रन की आवश्यकता है। अगर वह यह मुकाम हासिल करती हैं, तो वह महिला क्रिकेट के इतिहास में यह रिकॉर्ड बनाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनेंगी।
स्मृति मंधाना (Img: Internet)
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद, भारत की निगाहें 30 सितंबर से शुरू होने वाले वनडे विश्व कप 2025 पर होंगी। भारतीय टीम लीग चरण में कम से कम सात मैच खेलेगी। अगर टीम सेमीफाइनल और फाइनल तक पहुँचती है, तो कुल मैचों की संख्या 9 तक जा सकती है।
इस तरह मंधाना को अपनी शानदार फॉर्म के दम पर 1000 रन पूरे करने का पूरा मौका मिलेगा। वह न केवल भारत के लिए रिकॉर्ड बनाएंगी, बल्कि महिला वनडे इतिहास में भी नया अध्याय लिखेंगी।
स्मृति मंधाना अगर 1000 रन बनाती हैं, तो वह इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच जाएंगी। अभी तक एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज़्यादा रन बेलिंडा क्लार्क ने 1997 में बनाए थे, जो 970 रन थे।
मंधाना की यह फॉर्म अगर बरकरार रही, तो वह जल्द ही एक ऐतिहासिक कीर्तिमान बना सकती हैं।