RR vs SRH: हाई स्कोरिंग मैच में SRH का जलवा, हैदराबाद ने राजस्थान को 5 विकेट से हराया

आईपीएल 2026 के हाई स्कोरिंग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। वैभव सूर्यवंशी के विस्फोटक शतक के बावजूद राजस्थान मैच नहीं बचा सका। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की तूफानी पारियों ने हैदराबाद को 229 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में हासिल करने में मदद की।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 26 April 2026, 12:41 AM IST
google-preferred

New Delhi: जयपुर में खेले गए हाई स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। शुरुआत हालांकि उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। यशस्वी जायसवाल तीसरे ओवर में सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पारी को संभाल लिया।

वैभव ने मैदान पर आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़कर सभी को हैरान कर दिया। उनकी 103 रन की विस्फोटक पारी ने राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

वैभव ने ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। ध्रुव ने भी 51 रन की अहम पारी खेली। अंत में डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों में 33 रन बनाकर स्कोर को 228 तक पहुंचाया। हालांकि अंतिम पांच ओवरों में राजस्थान की बल्लेबाजी धीमी पड़ गई और टीम सिर्फ 44 रन ही जोड़ सकी।

अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पलटा मैच का रुख

229 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड सिर्फ 6 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। शुरुआती झटके के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और मैच को पूरी तरह हैदराबाद की तरफ मोड़ दिया।

IPL 2026: विराट कोहली ने IPL में 800 चौके लगाकर रचा इतिहास! जानें टॉप-5 बल्लेबाजों की पूरी लिस्ट

दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 132 रन की शानदार साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्होंने आईपीएल 2026 में लगातार तीसरी बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया।

ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 74 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। किशन का यह सीजन का तीसरा अर्धशतक रहा। दोनों बल्लेबाजों की तेज रनगति ने राजस्थान के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल, हैदराबाद की लगातार चौथी जीत

अभिषेक और ईशान के आउट होने के बाद भी हैदराबाद की रनगति नहीं रुकी। नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। रेड्डी ने 36 रन बनाए, जबकि क्लासेन ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली।

IPL मैच से पहले जयपुर में विधानसभा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

हैदराबाद ने 229 रन का विशाल लक्ष्य 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने सीजन में लगातार चौथी जीत दर्ज की और अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन टीम के गेंदबाज बड़े स्कोर का बचाव नहीं कर सके। वैभव सूर्यवंशी का शानदार शतक आखिरकार टीम को जीत नहीं दिला सका और राजस्थान को घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा।

Location :  New Delhi

Published :  26 April 2026, 12:41 AM IST

Advertisement