Asian Games में Manu Bhaker और Tajinderpal Singh Thoor संभालेंगे तिरंगा, उद्घाटन से पहले भारत को मिली बड़ी जिम्मेदारी

जापान के आइची-नगोया में होने वाले एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में मनु भाकर और तजिंदरपाल सिंह तूर भारत के ध्वजवाहक होंगे। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में दो पदक जीते थे, जबकि तूर एशियाई खेलों में शॉट पुट के लगातार दो बार चैंपियन रह चुके हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 September 2026, 2:37 PM IST
google-preferred

New Delhi: जापान के आइची-नगोया में होने वाले एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत का तिरंगा दो बड़े स्टार खिलाड़ी थामेंगे। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और दो बार के एशियाई खेल चैंपियन शॉट पुटर तजिंदरपाल सिंह तूर को उद्घाटन समारोह के लिए भारत का ध्वजवाहक बनाया गया है। भारत के शेफ-डी-मिशन सहदेव यादव ने शुक्रवार को मनु भाकर के ध्वजवाहक बनने की पुष्टि की, जिसके बाद एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने तूर को दूसरा ध्वजवाहक घोषित किया।

पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने रचा था इतिहास

मनु भाकर के लिए यह जिम्मेदारी खास है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में शूटिंग में दो कांस्य पदक जीते थे। इसके साथ ही वह स्वतंत्र भारत की पहली ऐसी खिलाड़ी बनी थीं, जिन्होंने एक ही ओलंपिक संस्करण में दो पदक अपने नाम किए। अब एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में तिरंगा थामने की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है।

Asian Games में अचानक रुका ध्वजारोहण समारोह, India समेत कई देशों को करना पड़ा इंतजार; आखिर हुआ क्या?

तजिंदरपाल सिंह तूर भी संभालेंगे तिरंगा

मनु भाकर के साथ शॉट पुटर तजिंदरपाल सिंह तूर भारत के दूसरे ध्वजवाहक होंगे। तूर एशियाई खेलों में लगातार दो बार पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में गोल्ड जीता था और 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में भी अपना खिताब बरकरार रखा था।

उद्घाटन से पहले ध्वजारोहण समारोह में व्यवधान

भारतीय ध्वजवाहकों के नाम सामने आने के साथ ही शुक्रवार को नागोया में आयोजित पारंपरिक ध्वजारोहण समारोह को लेकर भी चर्चा रही। यह समारोह खेलों के उद्घाटन से एक दिन पहले हिस्सा लेने वाले देशों के दलों के आधिकारिक स्वागत के तौर पर आयोजित किया जाता है। रिपोर्टों के मुताबिक समारोह निर्धारित समय से करीब 20 मिनट देर से शुरू हुआ और कुछ देर बाद इसे रोक दिया गया। भारत समेत कई देशों के प्रतिनिधियों को आयोजकों की ओर से स्पष्ट जानकारी का इंतजार करना पड़ा।

Asian Games 2026: 57 रन पर ढेर हुई जापानी टीम, 90 गेंद रहते भारत की शानदार जीत; सेमीफाइनल में अब बांग्लादेश से टक्कर

खिलाड़ियों के ठहरने को लेकर भी उठे सवाल

एशियाई खेलों की शुरुआत से पहले भारतीय दल को खिलाड़ियों के ठहरने से जुड़ी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। भारत के शेफ-डी-मिशन सहदेव यादव ने आवास की कमी की पुष्टि की और बताया कि अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था करनी पड़ी। खिलाड़ियों की ओर से कमरों के आकार और कमरा आवंटित होने में देरी को लेकर भी शिकायतें सामने आई थीं। इस बार आयोजन में पारंपरिक खेलगांव के बजाय कंटेनरनुमा आवास, होटल और अन्य ठहरने की व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया गया है।

Location :  New Delhi

Published :  18 September 2026, 2:37 PM IST

Advertisement