हिंदी
कोलकाता नाइट राइडर्स (Img: Internet)
kolkata: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीज़न के लिए मिनी-ऑक्शन 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी के एतिहाद एरिना में आयोजित किया गया था। इस ऑक्शन के महज़ तीन दिन बाद ही IPL से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) फ्रेंचाइजी अपनी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही है। अगर ऐसा होता है, तो IPL 2026 से पहले यह बिकने की चर्चाओं में आने वाली तीसरी टीम होगी।
KKR से पहले मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लीग की पहली विजेता राजस्थान रॉयल्स के बिकने की खबरें सामने आ चुकी हैं। इन दोनों मामलों में फ्रेंचाइजी के पूरे मालिकाना हक में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में KKR का नाम इस लिस्ट में जुड़ना IPL के बिजनेस पक्ष को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
कोलकाता नाइट राइडर्स (Img: Internet)
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान और जूही चावला-जय मेहता के स्वामित्व वाली KKR फ्रेंचाइजी 2026 में आंशिक हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। हालांकि, रिपोर्ट यह भी स्पष्ट करती है कि कोलकाता नाइट राइडर्स का मामला RCB और राजस्थान रॉयल्स से अलग है। यहां पूरी फ्रेंचाइजी नहीं, बल्कि सिर्फ एक छोटी हिस्सेदारी बेचने की योजना है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिलहाल मेहता ग्रुप अपनी सीमित हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रहा है। इससे फ्रेंचाइजी के नियंत्रण या संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट KKR में बहुमत हिस्सेदारी बनाए रखेगी, जिससे टीम का मैनेजमेंट और ब्रांड वैल्यू स्थिर रहने की उम्मीद है।
कोलकाता नाइट राइडर्स का संचालन नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के तहत होता है। इसमें शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के पास 55 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि जूही चावला और उनके पति जय मेहता के मेहता ग्रुप के पास शेष 45 प्रतिशत हिस्सेदारी है। KKR IPL की उन आठ मूल फ्रेंचाइजी में शामिल है, जिन्हें 2008 में BCCI ने लॉन्च किया था।
2008 में शाहरुख खान और मेहता ग्रुप ने KKR को 75 मिलियन डॉलर (करीब 298 करोड़ रुपये) में खरीदा था। उस समय यह IPL की सातवीं सबसे महंगी फ्रेंचाइजी थी। मैदान पर प्रदर्शन की बात करें तो KKR ने 2012 और 2014 में खिताब जीतने के बाद 2024 में तीसरी बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की। यही वजह है कि आज भी KKR IPL की सबसे मजबूत और मूल्यवान फ्रेंचाइजियों में गिनी जाती है।
Location : Kolkata
Published : 19 December 2025, 3:09 PM IST