ICC रैंकिंग में टीम इंडिया का जलवा, Abhishek Sharma की बादशाहत खत्म, नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने Ishan Kishan

आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शानदार प्रदर्शन के दम पर दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बन गए हैं, उन्होंने अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा। टेस्ट में जसप्रीत बुमराह नंबर-1 गेंदबाज और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड नंबर-1 बल्लेबाज बने हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 1 July 2026, 7:02 PM IST
google-preferred

New Delhi: आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट का दबदबा देखने को मिला है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन के दम पर दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज का ताज अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अपने ही साथी अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ियों के बीच महज सात रेटिंग अंकों का अंतर है, जिससे शीर्ष स्थान की प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक हो गई है। ईशान अब विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा के बाद टी20 में नंबर-1 बनने वाले चौथे भारतीय पुरुष बल्लेबाज बन गए हैं।

वर्ल्ड कप की विस्फोटक बल्लेबाजी का मिला इनाम

ईशान किशन की इस उपलब्धि की सबसे बड़ी वजह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका दमदार प्रदर्शन रहा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए और कई मैचों में भारत को तेज शुरुआत दिलाई। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं के साथ-साथ आईसीसी रैंकिंग पर भी गहरा असर डाला।

आयरलैंड के खिलाड़ियों को भी हुआ फायदा

हालिया टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन का फायदा आयरलैंड के खिलाड़ियों को भी मिला। बल्लेबाज लोर्कन टकर चार स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 77वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि रॉस अडायर छह पायदान ऊपर चढ़कर 84वें नंबर पर पहुंच गए। वहीं, तेज गेंदबाज मैथ्यू हम्फ्रीज करियर की सर्वश्रेष्ठ 25वीं रैंकिंग हासिल करने में सफल रहे। भारत के ऑलराउंडर शिवम दुबे भी तीन स्थान के सुधार के साथ ऑलराउंडरों की सूची में सातवें नंबर पर पहुंच गए।

T20 World Cup 2026: अबकी बार इन देशों से होगी भारत की टक्कर, आईसीसी ने जारी किया पूरा शेड्यूल

टेस्ट क्रिकेट में ट्रैविस हेड बने नए नंबर-1 बल्लेबाज

टेस्ट रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रैविस हेड पहली बार दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और जो रूट हालिया मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिसके चलते वे क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर खिसक गए। वहीं न्यूजीलैंड के *रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल और डेवोन कॉनवे ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया।

बुमराह ने फिर पहना नंबर-1 गेंदबाज का ताज

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज का स्थान हासिल कर लिया। उन्होंने न्यूजीलैंड के मैट हेनरी को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर वापसी की। वहीं, हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में तीसरे स्थान पर रहते हुए अपने करियर का शानदार समापन करने में सफल रहे।

Location :  New Delhi

Published :  1 July 2026, 7:02 PM IST

Advertisement