हिंदी
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पांचवें एशेज टेस्ट के दौरान बेन स्टोक्स और मार्नस लाबुशेन के बीच हुई तीखी बहस चर्चा का विषय बन गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, ICC आचार संहिता के तहत इस घटना को मामूली माना गया है।
बेन स्टोक्स और मार्नस लाबुशेन की हुई लड़ाई (Img: Internet)
Sydney: बेन स्टोक्स को आधुनिक क्रिकेट का सबसे जुझारू और आक्रामक ऑलराउंडर माना जाता है। वह मैदान पर हमेशा पूरे जोश और जुनून के साथ खेलते हैं। चाहे बल्लेबाज़ी हो, गेंदबाज़ी हो या फील्डिंग, स्टोक्स अपने प्रदर्शन में कभी कमी नहीं छोड़ते। उनकी यही आक्रामक मानसिकता कई बार इंग्लैंड के लिए मैच जिताऊ साबित होती है, लेकिन कुछ मौकों पर यही आक्रामकता विवाद का कारण भी बन जाती है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे पांचवें और आखिरी एशेज टेस्ट में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
पांचवें एशेज टेस्ट के दौरान इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ मार्नस लाबुशेन के बीच मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली। यह घटना दूसरे दिन के खेल के अंत में हुई, जब ऑस्ट्रेलिया मज़बूत स्थिति में नज़र आ रहा था। इंग्लैंड की पहली पारी 384 रनों पर सिमटने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 460 से अधिक रन बना लिए और 80 से ज्यादा रनों की बढ़त हासिल कर ली।
एक ओवर की समाप्ति के बाद स्टंप माइक पर बेन स्टोक्स को मार्नस लाबुशेन से “चुप रहने” के लिए कहते हुए सुना गया। इसके बाद स्टोक्स उनके पास गए और कंधे पर हाथ रखा। दोनों खिलाड़ी पिच के बीच रुक गए, जिससे माहौल थोड़ी देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। अंपायर अहसान रज़ा और क्रिस गैफ़नी ने तुरंत बीच-बचाव किया। इसी दौरान स्टोक्स ने लाबुशेन को हल्का सा धक्का दिया और वहां से हट गए। टीवी पर यह टकराव गंभीर लग रहा था, जिससे फैंस और विशेषज्ञों में सवाल उठने लगे।
Stokes wasn't having any of it, after a war of words with Labuschagne he swiftly removed him 🥶 pic.twitter.com/7P0vODYomz
— Cricket on TNT Sports (@cricketontnt) January 5, 2026
ICC की आचार संहिता के तहत यह घटना तकनीकी रूप से अनुच्छेद 2.12 के अंतर्गत आ सकती है, जो “अनुचित शारीरिक संपर्क” से जुड़ा है। हालांकि, अब खबर है कि बेन स्टोक्स पर न तो जुर्माना लगाया जाएगा और न ही उन्हें कोई फटकार दी जाएगी। माना जा रहा है कि मैच रेफरी जेफ क्रो इस घटना को मामूली मानते हुए नज़रअंदाज़ कर देंगे, क्योंकि इसमें कोई बड़ा टकराव या आक्रामक व्यवहार नहीं देखा गया।
इस तरह की घटनाओं को पहले भी हल्के में लिया गया है। पिछले साल अगस्त में एजबेस्टन में भारतीय तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप ने इंग्लैंड के बेन डकेट को आउट करने के बाद उनके कंधे पर हाथ रखा था। उस समय भी अंपायरों ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। सिडनी टेस्ट में भी अंपायरों के तुरंत हस्तक्षेप और विवाद के बढ़ने से पहले ही शांत हो जाने के कारण कार्रवाई की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
विवाद के बावजूद बेन स्टोक्स ने अपने प्रदर्शन से असर डाला। उन्होंने दिन के आखिरी ओवर में मार्नस लाबुशेन को 48 रन पर आउट किया और कुल 30 रन देकर दो विकेट झटके। इससे साफ है कि मैदान पर हुई कहासुनी के बावजूद स्टोक्स का फोकस खेल पर बना रहा और इंग्लैंड को अहम सफलता मिली।