हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए नई सख्त गाइडलाइन जारी कर दी है। लगातार सामने आ रही अनुशासनहीनता की घटनाओं और लीग की छवि पर पड़ रहे असर को देखते हुए बोर्ड ने 8 पन्नों का विस्तृत निर्देश जारी किया है। इसमें खिलाड़ियों की सुरक्षा, व्यवहार, होटल प्रोटोकॉल और निजी गतिविधियों तक को लेकर कड़े नियम बनाए गए हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा उस चेतावनी की हो रही है जिसमें BCCI ने खिलाड़ियों को “हनी ट्रैप” से सतर्क रहने को कहा है। बोर्ड का मानना है कि कुछ घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों और टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी थी। यही वजह है कि अब खिलाड़ियों के निजी संपर्कों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
नई गाइडलाइन के मुताबिक अब कोई भी बाहरी व्यक्ति खिलाड़ियों के होटल रूम में नहीं जा सकेगा। चाहे वह रिश्तेदार, दोस्त या कोई परिचित ही क्यों न हो, बिना टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के किसी को कमरे में प्रवेश नहीं मिलेगा।
IPL 2026: BCCI का बड़ा फैसला… अब अहमदाबाद में होगा खिताबी मुकाबला, जानिए नया शेड्यूल
BCCI ने साफ किया है कि खिलाड़ियों से मिलने के लिए होटल की लॉबी या सार्वजनिक स्थानों का ही इस्तेमाल किया जाएगा। बोर्ड का कहना है कि यह फैसला खिलाड़ियों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में कुछ खिलाड़ियों द्वारा बिना जानकारी दिए बाहरी लोगों को होटल में बुलाने की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद बोर्ड ने इस मामले को गंभीरता से लिया।
BCCI ने वेपिंग यानी ई-सिगरेट को लेकर भी बेहद कड़ा रुख अपनाया है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी रियान पराग से जुड़ी एक घटना चर्चा में आने के बाद बोर्ड ने साफ कर दिया कि टूर्नामेंट के दौरान ई-सिगरेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
नई गाइडलाइन में कहा गया है कि होटल, ड्रेसिंग रूम, टीम बस और मैच वेन्यू पर किसी भी प्रकार की वेपिंग या नशीले पदार्थों का सेवन नियमों का सीधा उल्लंघन माना जाएगा। इतना ही नहीं, बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारतीय कानून के तहत यह मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच सकता है। फ्रेंचाइजी टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य को इन नियमों की जानकारी लिखित रूप में दें और पालन सुनिश्चित करें।
इस बार BCCI की सख्ती सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रही। टीम मालिकों और फ्रेंचाइजी अधिकारियों के लिए भी नए प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। बोर्ड ने पाया कि कई बार मैच के दौरान मालिक खिलाड़ियों से मैदान में जाकर बातचीत करते हैं या डगआउट में अनधिकृत रूप से मौजूद रहते हैं। अब ऐसा नहीं हो सकेगा। नए नियमों के अनुसार मैच के दौरान टीम मालिक खिलाड़ियों से सीधे संपर्क नहीं कर पाएंगे।
MI vs LSG: क्या आज मैदान पर उतरेंगे रोहित शर्मा? MI vs LSG से पहले सस्पेंस बरकरार
उन्हें ड्रेसिंग रूम, प्लेइंग एरिया और डगआउट में सीमित पहुंच दी जाएगी। खिलाड़ियों के साथ शारीरिक संपर्क या रणनीतिक चर्चा केवल अधिकृत माध्यमों से ही हो सकेगी।
नई गाइडलाइन के तहत खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को होटल से बाहर जाने से पहले सुरक्षा अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी। टीम सिक्योरिटी ऑफिसर (SLO/TIO) को हर मूवमेंट की जानकारी देना जरूरी होगा।
BCCI का कहना है कि खिलाड़ियों की लोकप्रियता और सुरक्षा को देखते हुए यह कदम जरूरी हो गया था। हाल के वर्षों में कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में खिलाड़ियों से जुड़ी सुरक्षा चिंताएं सामने आई थीं।
BCCI ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसमें भारी जुर्माना, निलंबन, कारण बताओ नोटिस और अगले सीजन से बाहर किए जाने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।
यदि मामला कानूनी उल्लंघन से जुड़ा पाया गया तो पुलिस जांच भी कराई जा सकती है। टीम मैनेजर्स को 48 घंटे के भीतर सभी खिलाड़ियों को ब्रीफ करने और उनसे लिखित सहमति लेने के निर्देश दिए गए हैं।
बोर्ड समय-समय पर टीमों का निरीक्षण और ऑडिट भी करेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मैदान के बाहर भी IPL की साख और अनुशासन कायम रहे।
Location : New Delhi
Published : 8 May 2026, 9:01 AM IST