हिंदी
नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी
New Delhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित 'वोट अधिकार रैली' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल ने कहा कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं और यह 25 सीटों के मार्जिन से हुआ है, जिनमें से 25 सीटें ऐसी हैं, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी ने महज 35,000 या उससे कम वोटों के अंतर से जीता था। राहुल ने कहा, "अगर हमें इलेक्ट्रॉनिक डेटा मिल जाए तो हम साबित कर देंगे कि मोदी ने चुनाव में धोखाधड़ी की है और चुराकर प्रधानमंत्री बने हैं।"
"अगर चुनाव आयोग यह डेटा नहीं देगा तो यह अपराध होगा"
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को देश की पिछले दस वर्षों की सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटर लिस्ट और वीडियोग्राफी सार्वजनिक करनी चाहिए, क्योंकि उनके अनुसार चुनावों में धांधली हो रही है। उन्होंने कहा, "अगर चुनाव आयोग यह डेटा नहीं देगा तो यह अपराध होगा। भाजपा को चुनाव चोरी करने की अनुमति दी जा रही है। पूरे देश को चुनाव आयोग से वोटर्स का डेटा मांगना चाहिए।"
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी चुनाव आयोग को घेरा
इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी राहुल गांधी के साथ मौजूद थे, जिन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। खड़गे ने कहा, "पहले चुनाव आयोग जवाब देता था, लेकिन अब वह विपक्षी नेताओं के सवालों का जवाब नहीं देता। अब वह सत्ता पक्ष के नुमाइंदे की तरह व्यवहार करता है और विपक्ष पर अनर्गल आरोप लगाता है।"
राहुल गांधी ने किया ट्वीट
राहुल गांधी ने बेंगलुरु पहुंचने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, "वोट चोरी केवल चुनावी घोटाला नहीं है, बल्कि यह संविधान और लोकतंत्र के साथ एक बड़ा विश्वासघात है। देश के गुनहगार सुन लें, वक्त बदलेगा, सजा जरूर मिलेगी।"
कर्नाटक के महादेवपुरा में कथित धांधली का आरोप
राहुल गांधी ने कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 फर्जी वोट बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस वोटिंग धांधली के कारण भाजपा को फायदा हुआ और पीएम मोदी को तीसरी बार सत्ता में पहुंचने में मदद मिली। राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से यह धांधली हुई।
1 लाख 250 वोटों में गड़बड़ी का आरोप
महादेवपुरा विधानसभा में कुल 6.50 लाख वोटर हैं। जिनमें से राहुल के अनुसार 1 लाख 250 वोटों में गड़बड़ी की गई। उन्होंने बताया कि इस गड़बड़ी में पांच तरीके से धोखाधड़ी की गई। सबसे पहले डुप्लीकेट वोटिंग की गई, यानी एक ही वोटर ने कई पोलिंग बूथों पर वोट डाले। कुछ पोलिंग बूथों पर एक ही घर के कई लोग वोटर के रूप में दर्ज किए गए, हालांकि वहां कोई नहीं रहता था। एक घर के भीतर 40 से 50 वोटर दिखाए गए थे और वह घर बीजेपी नेता का था।
राहुल का चुनावी प्रक्रिया पर हमला
राहुल गांधी ने 7 अगस्त को दिल्ली के इंदिरा भवन में एक घंटे की प्रजेंटेशन में इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया और कर्नाटक, तमिलनाडु और हरियाणा में चुनाव आयोग की कथित मिलीभगत का दावा किया। राहुल ने 2 अगस्त को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 'एनुअल लीगल कॉन्क्लेव-2025' में यह भी कहा था कि भारत का चुनावी सिस्टम अब पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुका है। उन्होंने कहा, "हम आने वाले दिनों में यह साबित कर देंगे कि लोकसभा चुनाव में कैसे धांधली हो सकती है और हुई भी।"
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि मोदी सरकार का बहुमत बेहद कम है और अगर 10-15 सीटों में भी धांधली नहीं होती तो मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते।
Location : New Delhi
Published : 8 August 2025, 1:27 PM IST
Topics : Congress Election Scam Election Commission Narendr Modi PM Modi Rahul Gandhi Vote Chori Protest voter fraud
No related posts found.