हिंदी
हरिद्वार में गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने धर्म, ज्ञान और भक्ति के महत्व पर जोर दिया। मीडिया में योगदान के लिए मनोज टिबड़ेवाल आकाश को सम्मानित किया गया।
मनोज टिबड़ेवाल आकाश को मिला विशेष सम्मान
Haridwar: मनोज टिबड़ेवाल आकाश ने इस सम्मान के लिए समूचे अखिल भारतीय गायत्री परिवार और परिवार के प्रमुख डॉ चिन्मय पांडया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए पत्रकारिता को लोककल्याण का हेतु बनने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
अखिल भारतीय गायत्री परिवार का शताब्दी समारोह 24 जनवरी तक चलेगा, जिसमे लोक कल्याण और विश्व शांति के लिए कई तरह के कार्यक्रम होंगे।
समारोह में कई केंद्रीय मंत्री, ब्यूरोक्रेट्स समेत कई दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
पहले दिन के कार्यक्रम को गायत्री परिवार के मुखिया डॉ चिन्मय पांड्या, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबोधित किया।
डॉ चिन्मय पांडया ने गायत्री परिवार के 100 वर्षों की यात्रा के बारे में विस्तार से बताया और गायत्री परिवार के सदस्यों से विश्व शांति और लोक कल्याण का हेतु बनने का आह्वान किया।
इस मौके पर उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख माता भगवती देवी और संस्थापक आचार्य पंडित श्री राम शर्मा को महान युगद्रष्टा और मनीषी बताते हुए याद व नमन किया।
डॉ. चिन्मय पंड्या ने बताया कि दीक्षांत समारोह में लगभग डेढ़ हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को स्नातक, परास्नातक और डॉक्टरेट की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। यह समारोह भारतीय संस्कृति आधारित उच्च शिक्षा की विशिष्ट पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा। इस अवसर पर आध्यात्मिक संतों के साथ-साथ राज्य के उच्च शिक्षामंत्री धनसिंह रावत सहित अनेक लोग मौजूद रहेंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक रूप से खुद को फिर से गढ़ रहा है। एक समय गुलामी की मानसिकता में फंसा भारत अब अपनी सांस्कृतिक मूल्यों और विरासत पर गर्व करता है।
इस कार्यक्रम में देश विदेश से गायत्री परिवार से सदस्यों समेत कई आम और गणमान्य लोग भाग ले रहे है।