हिंदी
रोहतक में दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता (Img- Pinterest)
Rohtak: हरियाणा के रोहतक से दहेज उत्पीड़न और हत्या की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है। झज्जर के माछरौली निवासी वीरेंद्र ने अपनी बेटी चेतना की शादी दिसंबर 2025 में रोहतक की नेहरू कॉलोनी के मनीष से की थी।
हैसियत से ज्यादा दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल वालों की लालच की भूख खत्म नहीं हुई। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति मनीष, ससुर राजेंद्र और सास शीला देवी ने कार की मांग को लेकर चेतना के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी।
दहेज के इस क्लेश को सुलझाने के लिए 14 और 15 अगस्त को लगातार पंचायतों और आपसी बातचीत का दौर चला। 15 अगस्त को खुद पिता वीरेंद्र बेटी के घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले जाना चाहा, लेकिन दबंग ससुराल वालों ने गाली-गलौज करते हुए लड़की को साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद 16 अगस्त को परिजनों के पास फोन आया कि "आपकी बेटी घर से कहीं चली गई है।" यह फोन कोई सूचना नहीं, बल्कि कत्ल को छुपाने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था।
सूचना मिलते ही परिजन रोहतक पहुंचे और पुलिस (Dial 112) को सूचना दी। ससुराल वाले लगातार पुलिस और परिजनों को रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर ढूंढने का झांसा देकर गुमराह करते रहे। हालांकि, जब जांच टीम ने घर की तलाशी ली, तो छत पर रखी पानी की टंकी से चेतना की लाश बरामद हुई।
एफएसएल (FSL) टीम की डॉ. सरोज दहिया मलिक ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Rohtak
Published : 18 August 2026, 9:52 AM IST
Topics : crime news Dowry Death Haryana News Rohtak News