DN Exclusive: हरियाणा के ‘फाइनेंसर’ हरिद्वार से दिल्ली लेकर पहुंचे 8 लाख की कांवड़, 30 साल से डीग गांव वाले ला रहे ये अनोखी कांवड़

सावन कांवड़ यात्रा में हरियाणा के डीग गांव की 8 लाख रुपये की विशाल कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हरिद्वार से दिल्ली होते हुए 260 किलोमीटर का सफर तय कर रही इस कांवड़ को 15 शिवभक्त लेकर चल रहे हैं। यह परंपरा पिछले 30 सालों से चली आ रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 August 2026, 5:13 PM IST
google-preferred

New Delhi: सावन महीने के साथ शुरू हुई कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है। 11 अगस्त को जलाभिषेक को लेकर देशभर से शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। इस बार कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों के कई अनोखे रूप देखने को मिल रहे हैं। कोई भव्य कांवड़ लेकर चल रहा है तो कोई अपनी अलग श्रद्धा और संकल्प से लोगों का ध्यान खींच रहा है।

डाइनामाइट न्यूज़ की टीम वेस्ट यूपी और एनसीआर में कांवड़ यात्रा को लगातार कवर कर रही है। इसी दौरान एक ऐसी विशाल कांवड़ सामने आई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हरियाणा के डीग गांव के शिवभक्तों की यह कांवड़ अपनी भव्यता और परंपरा के कारण चर्चा में है।

8 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई कांवड़

हरिद्वार से दिल्ली होते हुए हरियाणा के डीग गांव जा रही इस विशाल कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट रही है। शिवभक्तों ने डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत में बताया कि इस कांवड़ को तैयार करने में करीब 8 लाख रुपये खर्च हुए हैं। शिवभक्तों के मुताबिक, यह सिर्फ एक कांवड़ नहीं बल्कि उनकी आस्था और वर्षों पुरानी परंपरा का प्रतीक है। पिछले करीब 30 सालों से इस कांवड़ यात्रा को निकाला जा रहा है। पहले उनके गुरु, पिता और दादा इस परंपरा को निभाते थे, जिसे अब वह आगे बढ़ा रहे हैं।

15 शिवभक्तों की टीम लेकर चल रही विशाल कांवड़

शिवभक्तों ने बताया कि इस यात्रा में करीब 15 कांवड़िए शामिल हैं। सभी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गांव के शिवालय की ओर बढ़ रहे हैं। हरिद्वार से डीग गांव की दूरी करीब 260 किलोमीटर है। कांवड़िए रोजाना लगभग 40 से 45 किलोमीटर का सफर तय कर रहे हैं। कठिन यात्रा और गर्मी के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है।

कांवड़ देखने के लिए रुक रहे लोग, ले रहे सेल्फी

यह विशाल कांवड़ रास्ते में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसकी भव्यता देखकर राहगीर रुक जा रहे हैं और शिवभक्तों के साथ तस्वीरें और सेल्फी ले रहे हैं। कांवड़ियों का कहना है कि भगवान भोलेनाथ की भक्ति ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इसी आस्था के सहारे वह लंबा सफर तय कर रहे हैं।

Location :  New Delhi

Published :  9 August 2026, 4:45 PM IST

Related News

Advertisement