हिंदी
मिशन पंजाब 2027 (Img- AI)
Chandigarh: पंजाब विधानसभा चुनाव में अब महज छह महीने का समय बाकी रह गया है, जिसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सूबे में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने प्रदेश में अपनी सबसे बड़ी घेराबंदी का खाका तैयार किया है।
इस चुनावी रणनीति के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पंजाब के सियासी मैदान में सीधे उतरने जा रहे हैं।
रणनीति के केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अक्टूबर में प्रस्तावित तीन दिवसीय पंजाब दौरा है। भाजपा नेतृत्व की योजना पीएम मोदी के इस प्रवास को माझा और मालवा क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक केंद्रों अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला के इर्द-गिर्द केंद्रित करने की है।
पीएम पहले दिन माझा क्षेत्र में विशाल रोड शो कर सकते हैं। विशेष बात यह है कि उनके रात्रि विश्राम के लिए प्रसिद्ध राधा स्वामी सत्संग ब्यास मुख्यालय पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही बठिंडा या पटियाला में बड़ी जनसभा और रोड शो कराने की तैयारी है।
चुनावी शंखनाद की शुरुआत 18 सितंबर को पठानकोट से होगी, जहाँ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नशे और लचर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राज्यव्यापी यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। 19 से 21 सितंबर के बीच श्री केसगढ़ साहिब, तलवंडी साबो और फाजिल्का से भी समानांतर यात्राएं और बाइक रैलियां शुरू होंगी, जो पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेंगी।
इन सभी यात्राओं का भव्य समापन जालंधर में होगा, जहाँ 29 या 30 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों का संचालन और कमान संभालने के लिए एक दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है। नई दिल्ली में होने वाली उच्च स्तरीय बैठक में कार्यक्रमों की अंतिम तिथियों और योजनाओं पर मुहर लगेगी।
Location : Chandigarh
Published : 8 September 2026, 11:30 AM IST