हिंदी
भाजपा के पूर्व नेता और एडवोकेट अनूप राघव
Meerut: मेरठ एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है, लेकिन इस बार वजह कोई चुनावी समीकरण नहीं बल्कि एक अनोखी राजनीतिक पार्टी का गठन है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाने के दावे के साथ यहां “चींटी जनता पार्टी (CJP)” का गठन किया गया है। इस पार्टी की स्थापना भाजपा के पूर्व नेता और एडवोकेट अनूप राघव ने की है। उन्होंने दावा किया है कि जिस तरह 1857 की क्रांति की शुरुआत मेरठ से हुई थी, उसी तरह अब भ्रष्टाचार के अंत की शुरुआत भी यहीं से होगी।
अनूप राघव ने बताया कि यह पार्टी “कॉकरोच जनता पार्टी” के जवाब में बनाई गई है। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा देश विरोधी विचारों के साथ बनाई गई राजनीतिक पहलों के खिलाफ एक ईमानदार विकल्प देने के लिए “चींटी जनता पार्टी” अस्तित्व में आई है। उन्होंने कहा कि चींटी छोटे आकार में जरूर होती है, लेकिन लगातार मेहनत और संगठित तरीके से बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल कर लेती है, ठीक उसी तरह यह पार्टी भी भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार काम करेगी।
गढ़ रोड स्थित जनकपुरी निवासी अनूप राघव भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। 2014 के बाद से वे पार्टी में सक्रिय भूमिका में नहीं रहे। अब उन्होंने पूरी तरह अलग राजनीतिक राह अपनाते हुए नई पार्टी का गठन कर दिया है, जो स्थानीय स्तर पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।
चींटी जनता पार्टी ने अपने गठन के साथ ही पांच प्रमुख वादों की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि वह किसानों, मजदूरों और ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान देगी। इन वादों में किसानों को लागत पर 50 प्रतिशत लाभ के साथ एमएसपी की गारंटी, मजदूरों को 12 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन, हर पंचायत में 100 रोजगार, 12वीं तक मुफ्त शिक्षा और हर गांव में डिजिटल स्मार्ट क्लास जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी ने गांवों में मूलभूत सुविधाएं जैसे नल से जल, पक्की सड़क, 24 घंटे बिजली और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) उपलब्ध कराने का भी दावा किया है।
पार्टी ने अपनी सदस्यता को आम जनता तक पहुंचाने के लिए केवल 10 रुपये शुल्क रखा है। अनूप राघव का कहना है कि इससे ज्यादा से ज्यादा लोग पार्टी से जुड़ सकेंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को मजबूत करेंगे।
मेरठ के कुख्यात बदमाश उधम सिंह को ढूंढने वाले को अब मिलेगा 1 लाख का इनाम, दर्ज हैं 71 मुकदमे
चींटी जनता पार्टी ने अपने कुछ खास नारे भी जारी किए हैं, जो सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गए हैं। इनमें “ना नेता की कोठी, ना अफसर की नोटी, अब चलेगी ईमानदारी की चींटी”, “रिश्वतखोर को जेल, ईमानदार को मेडल” और “हर ऑफिसर में सीसीटीवी- चींटी की नजर” जैसे नारे शामिल हैं। पार्टी ने 24 घंटे सातों दिन चलने वाली भ्रष्टाचार हेल्पलाइन शुरू करने की भी घोषणा की है।
अनूप राघव ने बताया कि पार्टी के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चुनाव आयोग में शुरू कर दी गई है और इसके लिए सभी जरूरी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि यह पार्टी आने वाले समय में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगी।
अनूप राघव का कहना है कि जैसे 1857 की क्रांति की शुरुआत मेरठ से हुई थी, वैसे ही अब भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत भी यहीं से होगी। उन्होंने कहा कि चींटी जनता पार्टी का उद्देश्य सिर्फ सत्ता नहीं, बल्कि व्यवस्था में बदलाव लाना है।
Location : Meerut
Published : 7 June 2026, 2:35 AM IST