हिंदी
सांसद संदीप पाठक (Img: Google)
New Delhi : राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जहां आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक (MP Sandeep Pathak) अब कानूनी घेरे में आ गए हैं। भाजपा में शामिल होने के कुछ ही दिनों बाद उनके खिलाफ पंजाब में दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं और गैर-जमानती धाराएं भी लगाई गई हैं। जिससे उनकी मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक पंजाब पुलिस की टीमें दिल्ली पहुंच चुकी हैं और किसी भी वक्त संदीप पाठक की गिरफ्तारी हो सकती है। इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें अब आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को संदीप पाठक ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उनके साथ कई अन्य सांसदों ने भी पार्टी बदली थी। भाजपा में शामिल होते ही यह मामला राजनीतिक रंग भी लेता दिख रहा है और इसे बदले की राजनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
संदीप पाठक कभी अरविंद केजरीवाल के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते थे। पार्टी में उन्हें चाणक्य तक कहा जाता था। पंजाब चुनाव में उनकी रणनीति को बड़ी जीत का कारण माना गया था। यहां तक कि जब केजरीवाल जेल में थे। तब जिन चुनिंदा लोगों को उनसे मिलने की अनुमति थी। उनमें संदीप पाठक भी शामिल थे।
हालांकि बाद में पार्टी के अंदर उनके खिलाफ नाराजगी भी बढ़ी। उन्हें पंजाब प्रभारी पद से हटाकर छत्तीसगढ़ भेज दिया गया था। वहीं 2025 के दिल्ली चुनाव में हार के बाद भी उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे थे। बताया जा रहा है कि इन घटनाओं से वे असंतुष्ट थे।
पंजाब में आप छोड़ने वाले उद्योगपति पद्मश्री राजिंदर गुप्ता की ट्राइडेंट इंडस्ट्री पर पीपीसीबी की कार्रवाई ने भी सियासी माहौल गर्म कर दिया है। कंपनी ने इसे बदले की कार्रवाई बताते हुए हाईकोर्ट का रुख किया है। जिस पर अदालत ने सरकार को नोटिस जारी किया है।
Location : New Delhi
Published : 2 May 2026, 11:04 AM IST
Topics : AAP BJP news Delhi News MP Sandeep Pathak Punjab News