हिंदी
अखिलेश यादव
Lucknow: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहाई के बाद, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए इसे समाजवादियों के लिए "खुशी की खबर" बताया। उन्होंने कहा कि न्याय की उम्मीद थी, और न्याय मिला भी है। आजम खान को मंगलवार दोपहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीतापुर जेल से रिहा किया गया।
आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया मंगलवार सुबह पूरी होनी थी, लेकिन बेल बॉन्ड में उनके पते में तकनीकी गलती के चलते रिहाई में कुछ घंटे की देरी हुई। दोपहर बाद जब सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं, तब उन्हें जेल से छोड़ा गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई नेता और उनके परिवार के सदस्य सीतापुर में मौजूद रहे।
अखिलेश यादव
आजम खान की रिहाई के कुछ ही घंटों बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह समाजवादियों के लिए एक खुशी की खबर है। हमें पहले से ही न्याय की उम्मीद थी। अब आगे भी उम्मीद है कि आज़म खान पर चल रहे सभी मुकदमे समाप्त होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो आजम खान पर दर्ज सारे मुकदमे वापस लिए जाएंगे। अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए एक वरिष्ठ अधिकारी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक अधिकारी, जिसे एक्सटेंशन पर एक्सटेंशन मिल रहा है, उसने आजम खान को परेशान किया। यह सब राजनीतिक द्वेष की वजह से हुआ।
23 महीने बाद जेल से बाहर आए आजम खान, जेल के बाहर भारी पुलिस तैनात
बीते कुछ हफ्तों से मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस तरह की चर्चा थी कि आजम खान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो सकते हैं। इस पर अखिलेश यादव ने साफ किया कि आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। वह नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने पार्टी को मजबूत किया है और वह कहीं नहीं जाने वाले हैं।
Location : Lucknow
Published : 23 September 2025, 1:15 PM IST