Agra Congress Protest: आगरा में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, जानिये पूरा अपडेट

आगरा में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और भाजपा सरकार की 12 साल की नाकामियों पर तंज कसते हुए मिठाई बांटी। कांग्रेस ने पीएम के ईंधन और सोना कम खरीदने वाले बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए देश को बचाने के लिए उनसे इस्तीफे की मांग की।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 17 May 2026, 12:23 PM IST
google-preferred

Agra: महानगर कांग्रेस कमेटी ने रविवार को केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक बेहद अनोखा और तंजिया प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में स्पीड कलर लैब पर एकत्र होकर जमकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को लड्डू खिलाए। कांग्रेसियों का कहना था कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार की पिछले 12 सालों की नाकामियों को उनकी 'ऐतिहासिक उपलब्धियां' मानकर यह मिष्ठान वितरण कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए उस बयान पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, जिसमें उन्होंने नागरिकों से "ईंधन का प्रयोग कम करने, सोना न खरीदने और विदेश यात्रा से बचने" की अपील की थी। इस बयान को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेसियों ने पीएम मोदी पर तीखा जुबानी हमला बोला। महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने इस बयान को आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने वाला, पूरी तरह से "गैर-जिम्मेदाराना और सरासर अनैतिक" कदम करार दिया।

फिर लौटेंगे लकड़ी और घोड़ा-गाड़ी के दिन

अमित सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस बयान से साफ प्रतीत होता है कि देश आर्थिक रूप से बर्बादी की ओर जा रहा है। सरकार की गलत नीतियों के कारण आने वाले समय में आम आदमी को मजबूरन फिर से घोड़ा-गाड़ी का सहारा लेना पड़ेगा और महंगाई की वजह से माताओं-बहनों को एक बार फिर लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अपनी हर नाकामी को देशभक्ति का मुखौटा पहनाकर जनता को गुमराह कर रही है, और इसी "अनोखी देशभक्ति" की खुशी में आज कांग्रेस ने मिठाई बांटने का काम किया है।

तेल संकट के बीच राहत की खबर, 20 हजार टन LPG लेकर टैंकर सुरक्षित भारत के कांडला पोर्ट पहुंचा

शपथ ग्रहण के खर्चों पर उठाए सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष ने फिजूलखर्ची का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल और असम के शपथ ग्रहण कार्यक्रमों में जितना सरकारी पैसा पानी की तरह बहाया, उतने में देश का एक साल का खर्च आसानी से निकाला जा सकता था। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि वाकई इस देश को आर्थिक संकट से बचाना है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। उनके इस्तीफे के बाद ही यह देश एक बार फिर "सोने की चिड़िया" बनने की राह पर अग्रसर हो पाएगा।

इंटरनेट की दुनिया में बड़ा बदलाव, WiFi बनाम LiFi कौन सी तकनीक है सबसे बेहतर विकल्प?

अमित सिंह ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बेहद कम थीं, तब इस सरकार ने टैक्स लगाकर भारी मुनाफा कमाया और अपनी तिजोरियां भरीं। लेकिन अब जब वैश्विक स्तर पर दाम बढ़ गए हैं, तो प्रधानमंत्री अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए उपभोक्ताओं से खुद भार उठाने और अपनी खपत कम करने की अपील कर रहे हैं, जो देश की जनता के साथ धोखा है।

प्रदर्शन में ये प्रमुख कांग्रेसी नेता रहे मौजूद

इस मिष्ठान वितरण और विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से मनोज जैन बोहरा, बुरहान शमशी, कपिल गौतम, हेमंत चाहर, ताहिर हुसैन, सतेंद्र दुबे, रवि जैन, अदनान कुरैशी, सतीश सिकरवार, दिलीप बर्मा, सचिन ऋषि, नरेंद्र शर्मा, विष्णु दत्त शर्मा, विष्णु शर्मा, आरव पांडे, मुस्ताक अली, सलमान कुरैशी और सौरभ शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Agra

Published :  17 May 2026, 12:23 PM IST

Related News

Advertisement