

कन्नौज में समाजवादी पार्टी ने किसानों, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव और जूही सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया।
समाजवादियों का हल्ला बोल
Kannauj: किसानों, युवाओं और बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दों को लेकर सोमवार को कन्नौज में समाजवादी पार्टी (सपा) ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। लाल क्रांति आंदोलन के तहत आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, जिला अध्यक्ष कलीम खान और सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने किया।
धरने में किसानों की समस्याएं, युवाओं की बेरोजगारी, शिक्षा में गिरावट, भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और अब किसान, छात्र और बेरोजगार सभी वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं।
पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, यह सरकार PDA और देश के अन्नदाताओं की विरोधी है। भाजपा केवल जुमलों की सरकार बनकर रह गई है। अब जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
धरना-प्रदर्शन करते समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता
जिला अध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि जब तक किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिलेगा, बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक सपा का संघर्ष जारी रहेगा।
सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने महिलाओं और छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी की सबसे बड़ी मार महिलाओं पर पड़ रही है। घरेलू बजट बिगड़ गया है और युवतियां उच्च शिक्षा व नौकरियों से वंचित हो रही हैं।
प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें किसानों की ऋणमाफी, बेरोजगारों को नौकरी देने, महंगाई नियंत्रण, शिक्षा में सुधार और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की गई है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र होगा।
सपा का सरकार विरोधी प्रदर्शन
धरने में शामिल सैकड़ों सपा कार्यकर्ता अपने हाथों में तख्तियां और झंडे लिए हुए थे, जिन पर सरकार विरोधी नारे लिखे थे। पूरे शहर में समाजवादी पार्टी की सक्रियता और लोगों की भागीदारी साफ तौर पर यह संकेत दे रही थी कि जनता अब बदलाव के मूड में है।
Gorakhpur News: समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल 11 सितम्बर को जाएगा गोरखपुर, जानें पूरी खबर
कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में जनता को केवल सपने दिखाए हैं। जमीन पर कुछ नहीं बदला है। किसानों की हालत बद से बदतर हो चुकी है, युवा दर-दर भटक रहे हैं और भ्रष्टाचार का स्तर चरम पर है।
Kaushambi News: समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक सम्पन्न…नेताओं ने लिया ये संकल्प, हुई बड़ी चर्चा
समाजवादी पार्टी ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में यही मुद्दे पार्टी की रणनीति का हिस्सा होंगे।