

दिल्ली में मौसम विभाग ने आज हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
गर्मी का कहर जारी
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बीते दिन मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, कई इलाकों जैसे आया नगर में 45.5 डिग्री और रिज पर 45 डिग्री सेल्सियस डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। इस दौरान राजधानी में उमस और गर्मी के कारण लोगों को 47.1 डिग्री सेल्सियस जैसा अहसास हुआ। वहीं, मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार के लिए हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें 40 किलोमीटर प्रति 3 घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
जल्द मौसम में होगा बदलाव
वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक दिल्ली को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि 12 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 13 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और 14 जून को भी हल्की बारिश की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी में बढ़ रहा प्रदूषण
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी चिंता का विषय बना हुआ है। मंगलवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने प्रदूषण का स्तर 251 दर्ज किया, जो खराब श्रेणी में आता है।
इस बीच देश में मानसून के फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है। इस साल मानसून ने तय समय से आठ दिन पहले 24 मई को केरल में दस्तक दे दी थी। जिसके बाद, मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 12-15 जून के बीच दक्षिण भारत में तेज मानसूनी बारिश होगी और इस दौरान मानसून उत्तर भारत में प्रवेश करेगा।
इन जिलों में पहुंचा मानसून
फिलहाल देश के कई शहरों में मानसून का आगमन हो चुका है। जिनमें मानसून मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना और बालुरघाट शामिल हैं। इसके अलावा, अगले कुछ दिनों में यह बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच जाएगा। दिल्ली में मानसून की सामान्य तिथि 28 जून है, लेकिन इस बार इसके एक-दो दिन पहले पहुंचने की उम्मीद है। अगले तीन-चार दिनों तक उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में देश का सबसे अधिक तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया। दिल्लीवासियों को गर्मी और प्रदूषण से बचने के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है। मानसून के सक्रिय होने के बाद ही तापमान में कमी और मौसम में सुधार की उम्मीद है।