हिंदी
सांसद निशिकांत दुबे के साथ होली मनाते मनोज तिवारी
नई दिल्ली: झारखंड के गोड्डा से चौथी बार निर्वाचित वरिष्ठ भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के दिल्ली स्थित आवास पर होली का पर्व पारंपरिक उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। रंगों, अबीर-गुलाल और पारंपरिक संगीत के बीच पूरे परिसर में उत्सव की उमंग स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस अवसर पर राजनीति, नौकरशाही, न्यायपालिका, मीडिया, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक विशिष्ट एवं सम्मानित व्यक्तित्व उपस्थित रहे। कार्यक्रम आपसी संवाद और सौहार्द का मंच बना, जहां विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने अनौपचारिक रूप से विचारों का आदान-प्रदान किया।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी की उपस्थिति ने समारोह को और जीवंत बनाया। अपने आत्मीय अंदाज़ और पारंपरिक होली गीतों से उन्होंने आयोजन में विशेष उत्साह का संचार किया। मनोज ने विशेष तौर पर अपने नए गीत ‘होलरिया’ को गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
होली मिलन पर गाना सुनाते सांसद मनोज तिवारी
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की धर्मपत्नी अनामिका गौतम और दोनों बेटे विशेष तौर पर मेहमानों की देखभाल करते रहे। पारंपरिक व्यंजनों और मिठाइयों के बीच आयोजित यह होली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपरा और लोकतांत्रिक संवाद का प्रतीक बनकर उभरा। आयोजन को दिल्ली के सार्वजनिक जीवन में एक संतुलित, सौहार्दपूर्ण और पेशेवर पहल के रूप में देखा गया।
Location : New Delhi
Published : 4 March 2026, 7:24 PM IST
Topics : Holi milan Manoj Tiwary New Delhi Nishikant Dubey