हिंदी
दिल्ली-NCR में अचानक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया। धूल भरी आंधी के बाद हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और गर्मी से राहत मिली। खराब मौसम के कारण 22 उड़ानों के मार्ग बदले गए। मौसम विभाग ने आगे भी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे अगले कुछ दिन मौसम सुहावना रह सकता है।
दिल्ली में अचानक तूफान-बारिश (Image Source: Google)
New Delhi: एनसीआर में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को हैरान कर दिया। दिनभर की तेज धूप और गर्मी के बाद शाम होते-होते काले बादल छा गए और तेज धूल भरी आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस बदलाव से न सिर्फ तापमान में गिरावट आई बल्कि लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली।
मौसम के इस बदले मिजाज का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। दिल्ली हवाई अड्डे के अनुसार खराब मौसम के कारण अब तक 22 उड़ानों के मार्ग में बदलाव किया गया है। कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और गर्मी बनी हुई थी। हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी जारी रही। शाम होते-होते मौसम ने अचानक पलटी मारी और पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग ने पहले ही पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई थी। इसके असर से यह बदलाव देखने को मिला। विभाग ने रात 10 बजे तक के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, हरिद्वार में 120 किलो कुट्टू आटा जब्त… जांच तेज
बारिश से पहले चली तेज आंधी का असर शहर की रफ्तार पर भी पड़ा। दिल्ली के पालम क्षेत्र में हवा की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक दर्ज की गई। तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ हिलते नजर आए और कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
सड़कों पर भी इसका असर साफ दिखा, जहां बारिश और आंधी के कारण ट्रैफिक धीमा पड़ गया। ऑफिस से लौट रहे लोगों को जाम और फिसलन भरी सड़कों के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 20 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
रसोई गैस की किल्लत और महंगाई ने किया बेहाल, प्रयागराज में सपा महिला सभा का प्रदर्शन
बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गुरुग्राम में अधिकतम 29 और न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में दिन का तापमान 25 से 32 डिग्री और रात का तापमान 14 से 18 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस बदलाव से न सिर्फ गर्मी से राहत मिलेगी बल्कि वायु प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखने को मिल सकता है।