हिंदी
अब ट्रेन में सफर से पहले होगा बैग का वजन
Prayagraj: भारत में रोजाना लाखों लोग ट्रेन के जरिए यात्रा करते हैं। भारतीय रेलवे, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर नई नीतियां और नियम लागू करता रहा है। अब यात्रियों के लिए एक नया और अहम बदलाव सामने आया है। एयरपोर्ट की तर्ज पर अब रेलवे भी यात्रियों के लगेज यानी सामान पर सख्ती बरतेगा।
उत्तर मध्य रेलवे ने यह व्यवस्था सबसे पहले प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर लागू करने का फैसला किया है। इनमें प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, टूंडला, अलीगढ़ जंक्शन, गोविंदपुरी और इटावा जैसे बड़े स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक लगेज वेइंग मशीनें (Electronic Luggage Weighing Machines) लगाई जाएंगी, जहां यात्री अपने बैग का वजन कराएंगे।
सिर्फ वजन ही नहीं, बैग का आकार भी होगा चेक
रेलवे सिर्फ बैग का वजन ही नहीं देखेगा, बल्कि बैग के आकार यानी साइज पर भी नजर रखेगा। यदि कोई बैग इतना बड़ा है कि कोच में ज्यादा जगह घेरता है, तो उस पर भी अतिरिक्त चार्ज या पेनल्टी लग सकती है। यह व्यवस्था इसलिए जरूरी मानी जा रही है क्योंकि कई बार भारी और बड़े बैग कोच में दूसरों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं।

क्लास के हिसाब से तय की गई फ्री लगेज लिमिट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय रेलवे ने सभी यात्रियों के लिए क्लास के अनुसार फ्री लगेज सीमा तय की है। जैसे
1. फर्स्ट एसी: 70 किलो तक
2. सेकंड एसी: 50 किलो तक
3. थर्ड एसी: 40 किलो तक
4. स्लीपर क्लास: 40 किलो तक
5. जनरल व सेकंड सिटिंग: 35 किलो तक
इसके अलावा, यात्रियों को तय सीमा से 10 किलो तक ज्यादा वजन ले जाने की छूट है। लेकिन यदि सामान इस अतिरिक्त छूट से भी अधिक हुआ, तो उसे बुक करना अनिवार्य होगा।
अतिरिक्त सामान पर देना होगा डेढ़ गुना चार्ज
यदि किसी यात्री के पास बिना बुकिंग के तय सीमा से अधिक सामान पाया गया, तो उसे अतिरिक्त शुल्क देना होगा। यह शुल्क सामान्य रेट से 1.5 गुना (डेढ़ गुना) ज्यादा होगा। यानी अगर यात्री ने अपने लगेज को पहले से बुक नहीं किया है और वह सीमा से अधिक है, तो जेब पर ज्यादा भार पड़ेगा।
Location : Prayagraj
Published : 18 August 2025, 4:58 PM IST
Topics : indian railways Luggage Limit Prayagraj Division Railway News Train Travel Rules Travel Smart