हिंदी
रक्षाबंधन पर स्पेशल ट्रेनों का तोहफा (Img- Pinterest)
New Delhi: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे ने त्योहार के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दिल्ली और आसपास के इलाकों से कई विशेष ट्रेनों को पटरी पर उतारने का फैसला किया है।
27 अगस्त से शुरू हो रही ये ट्रेनें दिल्ली को उत्तर प्रदेश और हरियाणा के दर्जनों प्रमुख शहरों से जोड़ेंगी। मेरठ, मुजफ्फरनगर, पानीपत, अंबाला, शामली, कानपुर, मथुरा और अलीगढ़ जैसे रूटों पर आरक्षित सुपरफास्ट के साथ-साथ अनारक्षित स्पेशल गाड़ियां चलाई जा रही हैं ताकि आम यात्री भी आसानी से सफर कर सकें।
27 और 28 अगस्त को तिलक ब्रिज से मुजफ्फरनगर के लिए अनारक्षित विशेष ट्रेन (04402/04401) चलेगी, जो साहिबाबाद, गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर और मेरठ होकर जाएगी। इसी तरह दिल्ली-पानीपत-अंबाला (04404/04403) तथा अंबाला-पानीपत के बीच भी विशेष सेवाएं दी जा रही हैं। शामली से दिल्ली शाहदरा (04408/04407), निजामुद्दीन से मथुरा (04410/04409) और गाजियाबाद से अलीगढ़ (04412/04411) के बीच भी ट्रेनें 27 व 28 अगस्त को मुसाफिरों को राहत देंगी।
इसके अलावा, कानपुर जाने वालों के लिए नई दिल्ली-कानपुर (02456/02455) 28 अगस्त से 4 सितंबर के बीच विभिन्न तारीखों पर और आनंद विहार-कानपुर (02458/02457) विशेष ट्रेन 30 अगस्त से 3 सितंबर के बीच संचालित होगी।
जहां एक तरफ त्योहार पर स्पेशल गाड़ियां बढ़ाई जा रही हैं, वहीं रेलवे ने 3 प्रमुख साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों को अब हमेशा के लिए 'नियमित' (रेगुलर) चलाने का निर्णय लिया है। अब ये ट्रेनें नए नंबरों के साथ ट्रैक पर दौड़ेंगी:
लालकुआं-बंगलूरू स्पेशल: (05074/05073) को रद्द कर अब नए नियमित नंबर 15302/15301 से चलाया जाएगा।
गोरखपुर-दिल्ली स्पेशल: (05057/05058) की जगह अब नई नियमित ट्रेन 15095/15096 चलेगी।
टनकपुर-अछनेरा स्पेशल: (05062/05061) अब अपने नए नियमित नंबर 15094/15093 के साथ सेवा देगी।
अगर आप सितंबर या अक्तूबर में लंबी दूरी की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो अलर्ट रहने की जरूरत है। झांसी मंडल के अगासोद स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन और यार्ड रीमॉडलिंग काम के कारण कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
इसके चलते जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 26 सितंबर से 14 अक्तूबर तक और वापसी में 27 सितंबर से 15 अक्तूबर तक पूरी तरह रद्द रहेगी। इसके अलावा बंगलूरू-नई दिल्ली, मुंबई-फिरोजपुर और वास्को डि गामा-हजरत निजामुद्दीन जैसी प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है।
Location : New Delhi
Published : 26 August 2026, 10:45 AM IST