हिंदी
Deoghar: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरियों की सेवा के लिए स्थापित नमो सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए राहत और सेवा का प्रमुख केंद्र बन गया है। झारखंड-बिहार सीमा के समीप खिजुरिया से आगे स्थित इस विशाल शिविर में कांवरियों को निःशुल्क भोजन, विश्राम, स्वच्छ पेयजल, आवासन और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लंबी पैदल यात्रा के बाद यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कुछ पल आराम के साथ सेवा और अपनापन भी मिल रहा है।
नमो सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन 31 जुलाई को गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने किया था। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा था कि बाबा वैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने जनसहयोग मिलने पर इस सेवा शिविर को हर वर्ष संचालित करने की बात भी कही थी।
शिविर से जुड़े लोगों के अनुसार, उद्घाटन के बाद से अब तक 10 हजार से अधिक कांवरिये यहां भोजन कर चुके हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिविर में विश्राम भी किया है। दिन-रात संचालित इस सेवा केंद्र में आने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी भेदभाव के आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Location : Deoghar
Published : 5 August 2026, 1:01 PM IST
Topics : Deoghar News Namo Seva Camp Shravani Mela 2026