हिंदी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकान पर की छापेमारी (Img: Dynamite News)
Deoghar: अब दीपावली का त्योहार बेहद नजदीक आ गया है। बाजारों में रंग-बिरंगी मिठाइयों, लड्डुओं, पेड़ों और अन्य पकवानों की मांगें बढ़ती नजर आ रही हैं। लेकिन क्या आपने सोचा है कि कहीं त्योहार की इस मिठास में मिलावट का जहर तो नहीं घोला जा रहा है?
दरअसल, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरि किशुन साह लेन, कोर्ट रोड, जटाही मोड़ और तिवारी चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों में मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान हरि किशुन साह लेन में बबलू कुमार केशरी के लड्डू निर्माण स्थल पर औचक निरीक्षण किया गया। यहां बूंदी और बेसन लड्डू के दो नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजे गए।
इसके साथ ही निर्माण स्थल पर अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई लगभग 10 लीटर चाशनी मौके पर ही नष्ट कराई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- नई दिल्ली के बाद पुरानी दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन पर भी बनेगा होल्डिंग एरिया, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
वहीं, केशरिया स्वीट्स में 12 लीटर एक्सपायर्ड मेधा दूध के दो पैकेट नष्ट कराए गए और प्रतिष्ठान को नोटिस दिया गया। तिवारी चौक स्थित छोले-भटूरे के एक स्टॉल पर छोले में अखाद्य रंग पाए जाने पर करीब 6 किलोग्राम तैयार छोले मौके पर ही नष्ट कराए गए। यानी जिस भोजन को लोग स्वाद समझकर खा रहे थे, उसमें इस्तेमाल रंग ही खाद्य उपयोग के योग्य नहीं था।
मोमो की दुकान पर जांच के लिए पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम (Img: Dynamite News)
बता दें कि इससे पहले, श्रावणी मेले से लेकर दुर्गापूजा और अब दीपावली के आसपास तक खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग कार्रवाइयों में मिलावट और अस्वच्छता के कई मामले सामने आ चुके हैं। अगस्त महीने में घोरमारा के ओमजी पेड़ा भंडार से करीब 1,060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा नष्ट कराने की कार्रवाई हुई थी। इसी महीने अलग-अलग अभियानों में करीब 45 किलोग्राम एक्सपायर्ड घी, 56 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी पेड़ा, लगभग 500 किलोग्राम संदिग्ध खाद्य सामग्री, 68.5 किलोग्राम मिलावटी पेड़ा, 11 किलोग्राम छोले, 2 लीटर चटनी, 22 किलोग्राम स्टार्च मिले पेड़े, 4 लीटर एक्सपायर्ड सोया सॉस और अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई थी।
17 अगस्त को करनीबाग क्षेत्र में अमर स्वीट्स में अखाद्य रंग के इस्तेमाल के कारण बालूशाही, लौंगलता और करीब 15 लीटर जलेबी की चाशनी भी नष्ट कराई गई थी। वहीं 20 अगस्त को खिजुरिया से कलकत्तिया धर्मशाला और रिखिया तक चले अभियान में करीब 33 किलोग्राम असुरक्षित और घटिया खाद्य सामग्री नष्ट की गई थी।
ये भी पढ़ें- तेज रफ्तार पिकअप ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को मारी टक्कर, मौके पर मौत; चालक फरार
खाद्य सुरक्षा विभाग की इन कार्रवाइयों और त्योहारों के दौरान मिलावट की आशंकाओं को लेकर विभागीय पक्ष जानने के लिए जब कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से बातचीत का प्रयास किया गया, तो मुलाकात नहीं हो सकी। हालांकि खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन से टेलीफोनिक बातचीत में उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण लगातार किया जा रहा है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और स्वच्छता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की।
Location : Deoghar
Published : 5 November 2026, 4:35 PM IST