गर्मी और उमस से मिलेगी राहत या बढ़ेगी आफत? IMD की चेतावनी से सहमे लोग, जानिए आपके यहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

देशभर में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों समेत 12 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उमस और गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह राहत की खबर भी है, तो कुछ इलाकों में आफत भी बन सकती है। जानें अपने राज्य के मौसम का ताजा हाल।

Updated : 10 August 2026, 8:18 AM IST
google-preferred

New Delhi: देशभर में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है, जिससे कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 12 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि, जहां एक ओर कई इलाकों में मूसलाधार बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं कुछ जगहों पर यह आफत भी बन सकती है। आइए जानते हैं कि आज 10 अगस्त को देश के विभिन्न राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के बावजूद उमस कम होने का नाम नहीं ले रही है। उमस भरी इस गर्मी से परेशान होकर लोग शिमला और मनाली जैसे ठंडे पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान की बात करें तो अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

यूपी में आंधी-तूफान की आशंका

उत्तर प्रदेश में आज मौसम मिला-जुला रहने वाला है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज तेज बारिश होने की पूरी आशंका जताई गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आंधी-तूफान अपना असर दिखा सकता है। हालांकि, राजधानी लखनऊ में आज बारिश होने के कोई खास आसार नहीं हैं। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Delhi-NCR Weather Alert: सावधान! दिल्ली-NCR में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली का अलर्ट, NDMA ने लोगों से की ये खास अपील

बिहार में 13 अगस्त से झमाझम बारिश का अनुमान

बिहार के लोगों को अभी बारिश के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। राज्य में मुख्य रूप से 13 से 15 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं, अगर आज की बात करें तो राजधानी पटना में बारिश होने की संभावना जताई गई है। पटना में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

राजस्थान: पश्चिमी हिस्से में बिजली गिरने की चेतावनी

राजस्थान में मानसून के तेवर फिर तल्ख होने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 10 अगस्त को पश्चिमी राजस्थान के कुछ चुनिंदा इलाकों में आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका है। इसके अलावा, 10 से 13 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। खास तौर पर पश्चिमी राजस्थान में 11 से 12 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 12 से 13 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना है।

भोपाल में हल्की फुहारें और आगे बड़े दौर की तैयारी

मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश का जोर बढ़ने वाला है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 से 15 अगस्त के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 12 से 15 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अनुमान है। राजधानी भोपाल की बात करें तो आज यहाँ हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्य में 15 अगस्त तक भारी बारिश का संकट

पहाड़ी राज्यों में मौसम लगातार खतरनाक होता जा रहा है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 15 अगस्त तक लगातार भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कल यानी 11 अगस्त को भारी बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि आज यहाँ अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 10 से 13 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है।

Weather Update: नोएडा-दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश, तापमान 31 डिग्री तक गिरा

पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ का आज का मौसम

पंजाब के कई इलाकों में आज 10 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आज बारिश का अनुमान जताया गया है। हालांकि, राजधानी चंडीगढ़ में आज बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। यहाँ आज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में मौसम की स्थिति

दक्षिण भारत के तमिलनाडु राज्य में 10 से 14 अगस्त के बीच हल्की और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। चेन्नई के आसपास के जिलों के लोगों को बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी, हालाँकि उत्तरी तमिलनाडु के अंदरूनी इलाकों में दिन के समय तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में भी मानसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। अरुणाचल प्रदेश में 10-11 अगस्त के दौरान तथा असम और मेघालय में भी इन दो दिनों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, 10 से 15 अगस्त के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश या बड़े इलाकों में व्यापक रूप से बारिश होने की संभावना है।

Location :  New Delhi

Published :  10 August 2026, 8:18 AM IST

Related News

Advertisement