हिंदी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। वह मेट्रो पोस्टर केस में पकड़े गए मॉड्यूल का हैंडलर बताया जा रहा है। जांच में बांग्लादेश कनेक्शन और ISI की भूमिका सामने आई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद गिरफ्तार (Image Source: Internet)
New Delhi: आज राजधानी में एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है, जो भारत में एक नए आतंकी मॉड्यूल को खड़ा करने की कोशिश में जुटा था। इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
पुलिस के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन हाल ही में सामने आए मेट्रो पोस्टर केस में पकड़े गए मॉड्यूल का हैंडलर था। वह पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था और गिरफ्तार किए गए आरोपियों के साथ उसका सीधा संपर्क था। जांच एजेंसियां अब उससे पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और साजिश के विस्तार का पता लगाने में जुटी हैं।
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने पहले इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें अधिकतर बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। ये सभी कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए अवैध रूप से भारत में घुसे थे।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शब्बीर अहमद लोन पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहा था। वह बांग्लादेश के जरिए भारत में लश्कर-ए-तैयबा का नया मॉड्यूल तैयार करने की कोशिश कर रहा था।
बदायूं में इंसानियत शर्मसार: चोरी के शक में युवती के साथ जो हुआ, जानकर दहल जाएंगे!
गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली बॉर्डर से उसे गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों का मानना है कि वह सीमा पार से संचालित होकर भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब दिल्ली के जनपथ मेट्रो स्टेशन समेत कई जगहों पर भारत विरोधी और आतंकवाद समर्थक पोस्टर चिपकाए गए। इन पोस्टरों में बुरहान वानी का महिमामंडन किया गया था और भारत नरसंहार बंद करो जैसे भड़काऊ नारे लिखे गए थे।
8 फरवरी को इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और धीरे-धीरे इस आतंकी मॉड्यूल का खुलासा हुआ। जांच के दौरान दिल्ली के अलावा कोलकाता में भी इसी तरह के पोस्टर मिलने से नेटवर्क के विस्तार का पता चला।
बदायूं में खौफनाक वारदात: किन्नरों का किडनैप कर दी ऐसी सजा, जिसे सुनकर कांप जाएगी रूह!
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जांच स्पेशल सेल को सौंप दी थी। फिलहाल एजेंसियां शब्बीर अहमद लोन से पूछताछ कर रही हैं और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे देश की सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आएंगी।