दिल्ली में रेलवे स्टेशन-बस अड्डों के बाहर सावधान! शेयर टैक्सी में बैठते ही शुरू हो जाती थी लूट

दिल्ली में साझा टैक्सी के नाम पर यात्रियों को सुनसान रास्तों पर ले जाकर लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पटपड़गंज पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ऑरा कार, मोबाइल और नकदी बरामद की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 November 2026, 1:33 PM IST
google-preferred

New Delhi : रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के बाहर अगर कोई आपको शेयर टैक्सी में बैठने का ऑफर दे तो सावधान हो जाइए। दिल्ली में यात्रियों को लूटने वाले एक ऐसे ही गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बदमाश पहले अकेले यात्रियों को अपने जाल में फंसाते थे। टैक्सी में बैठाकर सुनसान रास्ते पर ले जाते और डराकर नकदी और कीमती सामान लूट लेते थे। पूर्वी जिला की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार, लूटा गया मोबाइल और नकदी बरामद हुई है।

चार बदमाश गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने वीर सिंह (35), किशनपाल (37), विजय उर्फ मोनू (40) और विकास उर्फ कालिया (31) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ऑरा कार बरामद की है। इसके अलावा एक लूटा हुआ मोबाइल फोन और 3,800 रुपये नकद भी मिले हैं।

साझा टैक्सी का झांसा फिर शुरू होता था लूट का खेल

पुलिस के अफसरों ने बताया कि आरोपी रेलवे स्टेशनों और अंतरराज्यीय बस अड्डों के बाहर ऐसे यात्रियों की तलाश करते थे। यह अकेले सफर कर रहे होते थे या जिन्हें टैक्सी की जरूरत होती थी। बदमाश उन्हें कम किराये या साझा टैक्सी में सफर कराने का झांसा देते थे। यात्री जैसे ही उनकी बातों में आकर कार में बैठता, आरोपी उसे सुनसान रास्ते की तरफ ले जाते थे। इसके बाद डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू होता और यात्रियों से मोबाइल, नकदी समेत कीमती सामान लूट लिया जाता था।

दिल्ली में दवाओं का बड़ा खेल बेनकाब: घर में मिला 14 लाख का स्टॉक, 37 दुकानों पर कार्रवाई

चार मामलों का खुलासा

पुलिस के अफसरों ने बताया कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी से लूट के चार मामलों को सुलझाया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक दर्जन से अधिक अन्य लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात भी बताई है। हालांकि, इन घटनाओं में उनकी भूमिका की पुलिस अभी जांच और सत्यापन कर रही है।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अफसरों ने बताया कि गिरोह के पकड़े जाने के बाद पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन इलाकों में इन्होंने यात्रियों को अपना निशाना बनाया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Location :  New Delhi

Published :  11 November 2026, 1:32 PM IST

Advertisement