हिंदी
मंडी में भूस्खलन से तबाही
Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भयंकर भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। लवांडी ब्रीज़ के पास भारी भूस्खलन के कारण कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और दर्जनों वाहन मलबे में दब गए हैं। धर्मपुर लोनिवि मंडल कार्यालय और अधीक्षण अभियंता कार्यालय के ऊपर भी भारी भूस्खलन हुआ है। सूचना मिली है कि कई गाड़ियाँ दब गई हैं और लोग खिड़कियाँ तोड़कर बाहर निकाले गए हैं।
दो शव बरामद
नगर आयुक्त मंडी रोहित राठौर ने बताया कि मंडी में हो रही भारी बारिश के चलते ऊपरी इलाकों का मलबा निचले इलाकों में आ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति बादल फटने की वजह से उत्पन्न हो सकती है। अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-मंडी हाईवे बंद
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मंडी के दोनों मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों को बंद कर दिया गया है।
• राष्ट्रीय राजमार्ग-154 (मंडी-जोगिंद्रनगर मार्ग) लवांडी ब्रीज़ के पास भूस्खलन से बंद है।
• राष्ट्रीय राजमार्ग-21 (मंडी-कुल्लू मार्ग) पर 4 मील, 9 मील (पंडोह के पास) और डवाड़ा (औट के पास) में भूस्खलन की वजह से यातायात पूरी तरह बंद है।
• एनएचएआई ने साफ किया है कि बारिश बंद होने के बाद ही सड़क बहाल की जा सकेगी।
विक्टोरिया पुल के पास भी भूस्खलन
मंडी शहर के विक्टोरिया पुल के पास भी भूस्खलन हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत है। जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।
राहत कार्यों में बाधा
जिला प्रशासन, पुलिस, एनएचएआई और स्थानीय निकाय मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्यों में बड़ी बाधाएं आ रही हैं। सड़कों पर मलबा, टूटे मकान और दबे वाहन, पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। जेल रोड, झलोगी, दवाड़ा और अन्य स्थानों से नुकसान की खबरें आ रही हैं।
Location : Shimla
Published : 29 July 2025, 8:31 AM IST