Karnataka: डिप्टी CM शिवकुमार ने विधानसभा में किया ये काम, हैरान हुए सभी लोग

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार विधानसभा में अचानक RSS का गीत गाने लगे। इस कदम से कांग्रेस के भीतर भी हलचल मच गई और भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। क्या भाजपा जॉइन करने वाले हैं डीके शिवकुमार? सोशल मीडिया पर उठ रहे हैं सवाल।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 22 August 2025, 12:08 PM IST
google-preferred

New Delhi: कर्नाटक विधानसभा का मॉनसून सत्र गुरुवार (21 अगस्त) को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया जब राज्य के उपमुख्यमंत्री और कर्नाटक कांग्रेस के दिग्गज नेता डीके शिवकुमार ने अचानक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का गीत गा दिया। शिवकुमार का यह कदम न केवल विपक्ष को चौंकाने वाला रहा, बल्कि कांग्रेस खेमे में भी हलचल मच गई।

RSS का गीत गाकर चौंकाए शिवकुमार

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में डीके शिवकुमार को RSS का प्रसिद्ध गीत "नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे" गाते हुए देखा जा सकता है। कांग्रेस, जो लंबे समय से RSS और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आलोचना करती रही है, उसके बड़े नेता का यह अंदाज सबके लिए हैरान करने वाला साबित हुआ।

माना जा रहा है कि यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण से भी जुड़ी हो सकती है। दरअसल, पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान RSS की भूमिका की तारीफ की थी, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की थी। लेकिन अब कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता का RSS गीत गाना पार्टी के रुख से बिल्कुल विपरीत नजर आया।

भाजपा का कांग्रेस पर हमला

इस मामले पर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे... डीके शिवकुमार कल कर्नाटक विधानसभा में RSS का गीत गाते हुए दिखे। राहुल गांधी और गांधी-वाड्रा परिवार के करीबी अब सदमे में हैं।'

भंडारी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के अंदर गहरी फूट है और पार्टी में कोई भी सांसद अब राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेता। भाजपा ने इस घटना को कांग्रेस की वैचारिक कमजोरी बताया और कहा कि उसके नेता धीरे-धीरे RSS और भाजपा की विचारधारा की ओर झुक रहे हैं।

कांग्रेस के भीतर असहजता

डीके शिवकुमार के इस कदम से कांग्रेस के भीतर भी असहजता बढ़ गई है। पार्टी नेतृत्व पहले से ही आंतरिक मतभेद और गुटबाजी का सामना कर रहा है। अब उपमुख्यमंत्री द्वारा RSS गीत गाना कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति को और जटिल बना सकता है।

भाजपा जॉइन करने की अटकलें

इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या डीके शिवकुमार भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का मन बना रहे हैं। कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के लिए एक अप्रत्यक्ष संदेश भी हो सकता है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक तौर पर न तो शिवकुमार ने और न ही कांग्रेस ने कोई बयान दिया है।

विधानसभा सत्र का आखिरी दिन

गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा का मॉनसून सत्र शुक्रवार (22 अगस्त) को समाप्त होना है। इस दौरान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को बेंगलुरु भगदड़ मामले पर भाजपा के सवालों का जवाब देना है। ऐसे में उपमुख्यमंत्री का RSS गीत गाना राजनीतिक माहौल को और गरमा सकता है।

 

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 22 August 2025, 12:08 PM IST