Jharkhand News: बॉर्डर पर छिपकर रच रहे थे तबाही की साजिश, पुलिस ने बीच में ही किया खेल खत्म

चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लूट गिरोह के चार शातिर अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। गिरफ्तार अपराधी बिहार-झारखंड के कई जिलों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे और बॉर्डर इलाके में सक्रिय रहकर वारदातों को अंजाम देते थे।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 6 June 2026, 10:14 PM IST
google-preferred

Chatra: झारखंड के चतरा जिले में उस वक्त बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश हो गया जब पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय लूट गिरोह के चार शातिर अपराधियों को हथियारों के साथ दबोच लिया। ये अपराधी किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र का है, जहां डुमरिया स्कूल परिसर से इन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गुप्त सूचना से शुरू हुआ पूरा ऑपरेशन

एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के गया जिले और आसपास के कुछ कुख्यात अपराधी हंटरगंज इलाके में जमा होकर बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही तत्काल एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन को सौंपा गया। पुलिस ने बिना देर किए इलाके की घेराबंदी की और डुमरिया स्कूल परिसर में दबिश दी।

झारखंड में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा; गुप्त सूचना पर ऐसे हुआ भंडाफोड़

छापेमारी में चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के दौरान मौके से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के गया जिले के बाराकला निवासी गौतम कुमार उर्फ गौतम पासवान, चतरा जिले के बड़का पिंडरा निवासी चिंटू कुमार उर्फ गोरा पासवान, गया के जयगीर निवासी प्रवीण कुमार और फतेहपुर के पतवास निवासी विकास मांझी शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे और कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे थे।

हथियारों का जखीरा बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद की है। इनमें दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 7.65 एमएम और 8 एमएम की कुल चार जिंदा गोलियां, दो मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के दो मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि ये हथियार किसी बड़ी लूट या गंभीर वारदात को अंजाम देने के लिए जुटाए गए थे।

झारखंड के लातेहार में सनसनीखेज मामला: शिकारी बनकर गया था युवक, लेकिन खुद हो गया शिकार, पेड़ के नीचे मिली लाश

लूट की थी बड़ी योजना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हंटरगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए एकत्र हुए थे। उन्होंने यह भी बताया कि उनका गिरोह सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहता है और वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत दूसरे राज्य में शरण ले लेता है ताकि पुलिस से बच सके।

बॉर्डर इलाके में सक्रिय था गिरोह

एसपी ने बताया कि यह गिरोह खास तौर पर बिहार-झारखंड के बॉर्डर इलाकों को अपना सुरक्षित ठिकाना बनाकर इस्तेमाल करता था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दूसरे राज्य में जाकर छिप जाते थे, जिससे पुलिस के लिए इनकी गिरफ्तारी मुश्किल हो जाती थी। लेकिन इस बार चतरा पुलिस की रणनीति ने इनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।

Location :  Jharkhand

Published :  6 June 2026, 10:14 PM IST

Advertisement