हिंदी
174 चोरी के मोबाइल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Jharkhand: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन के अंदर चल रहे मोबाइल चोरी और तस्करी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बरहरवा स्टेशन पर वनांचल एक्सप्रेस से 174 चोरी के मोबाइल फोन के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई ने रेलवे मार्ग से चल रहे एक बड़े अवैध कारोबार की परतें खोल दी हैं।
पूरा मामला साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन का है, जहां मालदा रेल मंडल के अंतर्गत चल रही ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस को लेकर आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि ट्रेन के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं।
आरपीएफ टीम ने गुमानी स्टेशन से लेकर बरहरवा स्टेशन तक ट्रेन में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जनरल कोच संख्या ER-104464 में दो संदिग्ध यात्रियों पर नजर पड़ी, जो काले रंग के पिट्ठू बैग लेकर बैठे थे। टीम को देखते ही दोनों संदिग्धों ने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में दोनों की पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) और मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को बरहरवा स्टेशन लाया गया, जहां आगे की जांच की गई।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के बैग से कुल 174 पुराने और इस्तेमाल किए गए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से 85 मोबाइल नासरुद्दीन शेख के पास से और 89 मोबाइल रहमत शेख के पास से मिले। इन सभी मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 58,95,878 आंकी गई है, जिससे यह साफ है कि मामला छोटे स्तर का नहीं बल्कि बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
सभी मोबाइल और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरहरवा जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है। जीआरपी थाना प्रभारी रामशंकर सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Location : Jharkhand
Published : 12 June 2026, 12:58 PM IST