हिंदी
RPF ने पांच युवकों को पकड़ा (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं को लेकर रेलवे सुरक्षा बल ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई की है। गोरखपुर में 20 सितंबर को गाड़ी संख्या 15027 पर पत्थर फेंके जाने की सूचना के बाद RPF टीम ने मौके पर पहुंचकर पांच युवकों को पकड़ लिया। बताया गया कि घटना कुसम्ही की तरफ अंडरपास के आगे हुई। पत्थर लगने से ट्रेन में सवार एक महिला यात्री के घायल होने की सूचना भी सामने आई है।
रेलवे सुरक्षा बल के मुताबिक, गाड़ी संख्या 15027 के गार्ड ने VHF सेट के जरिए सूचना दी कि अंडरपास के आगे कुछ युवक रेलवे ट्रैक के पास मौजूद हैं और गुजर रही ट्रेन पर पत्थर फेंक रहे हैं। सूचना मिलते ही रेसुब पोस्ट गोरखपुर छावनी के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार पुलिस और RPF टीम के साथ संभावित घटनास्थल की ओर रवाना हुए। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद पांच युवक भागने लगे।
जांच के दौरान पत्थरबाजी का संभावित घटनास्थल रेलवे किमी संख्या 499/8-9 के पास पाया गया। गार्ड द्वारा बताए गए स्थान और पकड़े गए युवकों की मौके पर मौजूदगी के आधार पर जांच में सामने आया कि यह इलाका वाराणसी मंडल के अंतर्गत रेसुब पोस्ट देवरिया और संबंधित रेलवे पुलिस के क्षेत्राधिकार में आता है।
इसके बाद गोरखपुर छावनी RPF टीम ने मामले की जानकारी तत्काल देवरिया RPF पोस्ट और संबंधित रेलवे पुलिस को दी। इस दौरान गाड़ी संख्या 12565 और 15027 के गार्ड की ओर से उपलब्ध कराए गए FIR/मेमो को भी मामले में अभिलेखीय साक्ष्य के तौर पर लिया गया।
गोरखपुर में अपराधियों की खैर नहीं, तीन नामों पर खुली हिस्ट्रीशीट, जानें पुलिस का पूरा प्लान
क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने के बाद गोरखपुर छावनी RPF ने पकड़े गए पांचों युवकों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेसुब पोस्ट देवरिया को सुपुर्द कर दिया। अब मामले में देवरिया RPF पोस्ट की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए युवकों में विकास कुमार (22) पुत्र कैलाश कुमार, नंदानगर FCI क्रासिंग, थाना एम्स, गोरखपुर; शंकर कुमार (20) पुत्र साजन कुमार, नंदानगर FCI क्रासिंग, थाना एम्स, गोरखपुर; धीरज कुमार (19) पुत्र राजन कुमार, नंदानगर FCI क्रासिंग, थाना एम्स, गोरखपुर; शिव कुमार (18) पुत्र घुरहू, बेलवनिया, थाना हनुमानगंज, कुशीनगर, हाल निवासी नंदानगर और राजन (18) पुत्र शेरू, गोलचहा पडरौना छावनी, थाना पिपरा, कुशीनगर शामिल हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 20 September 2026, 9:07 PM IST