गुरुग्राम एनकाउंटर में चार ढेर: विदेशी आका का सीक्रेट प्लान… जानिए कौन था वो करोड़पति व्यापारी, जो आया था निशाने पर?

गुरुग्राम में आधी रात को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने सबको दहला दिया! आखिर कौन था वो रईस कारोबारी, जिसे मारने के लिए पुर्तगाल और लंदन से सीधे निर्देश आ रहे थे? पुलिस और नांदल गैंग के शूटरों के बीच हुए इस खूनी एनकाउंटर की वो अंदर की कहानी, जो आपको हैरान कर देगी।

Updated : 10 July 2026, 9:03 AM IST
google-preferred

Gurugram: दिल्ली से सटे मिलेनियम सिटी गुरुग्राम का सुशांत लोक इलाका गुरुवार रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। पुलिस की क्राइम ब्रांच और खूंखार दीपक नांदल गैंग के बीच हुई इस भीषण मुठभेड़ में 4 शूटरों को मार गिराया गया है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। इस दोतरफा गोलीबारी में तीन जांबाज पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोग इस अचानक हुई फायरिंग से दहशत में आ गए, लेकिन बाद में जब हकीकत सामने आई तो पुलिस की मुस्तैदी की हर तरफ तारीफ होने लगी।

कौन था बदमाशों का टारगेट? क्यों पहुंचे थे सुशांत लोक

यह पूरी साजिश रंगदारी और दहशत फैलाने के इरादे से रची गई थी। दरअसल, बदमाशों का टारगेट एसजीटी (SGT) यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे और पार्टनर विशाल बेरी थे। विशाल बेरी से विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल ने एक करोड़ रुपए की भारी-भरकम रंगदारी मांगी थी। रकम न देने पर बेरी को लगातार धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे। गुरुवार रात को जब यह वारदात हुई, तब विशाल बेरी अपने सुशांत लोक फेज-2 स्थित घर पर ही मौजूद थे। नांदल के भेजे शूटर उनके घर पर अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे ताकि रंगदारी वसूली जा सके।

यह भी पढ़ें- Gurugram News: साइबर सिटी में सुबह-शाम के पीक आवर्स का झंझट खत्म! एसीपी ट्रैफिक ने जारी किया नया रूट मैप

कंट्रोल रूम की एक सूचना और एक्शन में आई क्राइम ब्रांच

गुरुग्राम पुलिस के कंट्रोल रूम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी में कुछ हथियारबंद अपराधी सुशांत लोक इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम अलर्ट मोड पर आ गई और तुरंत इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीम जब मौके पर पहुंची, तो अपराधी विशाल बेरी के घर में जबरन घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे थे।

एसीपी सदर धर्मवीर सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए अपराधियों को चारों तरफ से घेर लिया और उन्हें आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने की सख्त चेतावनी दी। लेकिन, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ही जानलेवा फायरिंग झोंक दी और भागने का प्रयास करने लगे।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, 4 की मौत

बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई इस भीषण मुठभेड़ में स्कॉर्पियो सवार पांचों शूटरों को गोलियां लगीं। मुठभेड़ शांत होने के बाद पुलिस ने सभी घायल अपराधियों को तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 4 बदमाशों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांचवें का इलाज जारी है। इस एनकाउंटर में घायल हुए तीन पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट ने मौके का मुआयना किया। एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से सबूत और बदमाशों के अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं।

जानिए दीपक नांदल गैंग की कुंडली: पुर्तगाल, दुबई या लंदन से ऑपरेट हो रहा नेटवर्क

इस एनकाउंटर के बाद पुलिस ने दीपक नांदल गैंग के नेटवर्क को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गैंगस्टर दीपक नांदल खुद विदेश में बैठकर हरियाणा और अन्य राज्यों में अपने गुर्गों के जरिए रंगदारी और दहशत का साम्राज्य चला रहा है। वह विदेश से ही अपने शूटरों को गुप्त रूप से हथियार और पैसे मुहैया कराता है।

यह भी पढ़ें- Traffic Jam in Gurugram: गुरुग्राम में बारिश के चलते महाजाम, घंटों सड़क पर रेंगते रहे सैकड़ों वाहन

एसटीएफ (STF) द्वारा पिछले साल पकड़े गए नांदल गैंग के एक सदस्य से पूछताछ में सामने आया था कि इस गैंग की फंडिंग का तरीका बेहद शातिर है। नांदल के इशारे पर लोग सीधे एटीएम बूथ की कैश डिपॉजिट मशीनों (CDM) में पैसे जमा करते हैं। गैंग के सदस्य आपस में बातचीत करने और निर्देश लेने के लिए 'जंगी' और 'सिग्नल' जैसे सुरक्षित कॉलिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। जांच में यह भी साफ हुआ है कि दीपक नांदल के डिवाइस का आईपी एड्रेस पुर्तगाल का मिला था। हालांकि, सूत्रों का अनुमान है कि वह इस समय लंदन या दुबई में बैठकर अपनी आपराधिक गतिविधियां चला रहा है। फिलहाल हरियाणा पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Location :  Gurugram

Published :  10 July 2026, 9:03 AM IST

Related News

Advertisement