हिंदी
हरियाणा में बड़ा फेरबदल (Img- Pinterest)
Chandigarh: हरियाणा में अपराध नियंत्रण और राज्य की कानून-व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरकार ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेशों के तहत कुल 30 उच्च पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण और नई नियुक्तियां की गई हैं।
इस बड़े फेरबदल में 29 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी और एक हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) अधिकारी शामिल हैं। राज्य सरकार के इस कदम से कई महत्वपूर्ण जिलों की प्रशासनिक कमान पूरी तरह बदल गई है।
प्रदेश में बढ़ते संगठित अपराध और गंभीर आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सरकार ने स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को नए सिरे से मजबूत किया है। तबादला सूची के अनुसार, करनाल के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र बिजारणियां को एसटीएफ के नए एसपी पद की जिम्मेदारी दी गई है।
उनके साथ ही वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुमित कुमार को भी एसपी एसटीएफ नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि एसटीएफ में दो अनुभवी अधिकारियों की एक साथ तैनाती से राज्य में अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आएगी।
Bureaucracy: आधा दर्जन सीनियर IPS अफसरों को डीजी स्तर के पदों पर मिली प्रोन्नति, देखिये सूची
तबादला सूची के तहत राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में सौंपी गई है। आईपीएस अधिकारी करण गोयल को करनाल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, औद्योगिक शहर पानीपत की जिम्मेदारी आईपीएस दीप्ति गर्ग संभालेंगी।
पलवल जिले में आईपीएस मेधा भूषण को एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि आईपीएस मयंक मिश्रा को भिवानी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा आईपीएस प्रबीना पी को नारनौल जिले के एसपी पद का कार्यभार सौंपा गया है।
इस फेरबदल के दौरान वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संदीप खिरवार को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में अपर महानिदेशक (ADG) के पद पर तैनात संदीप खिरवार को पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर जनरल (Special DG) नियुक्त किया गया है।
राज्य में चुनावी व सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील जिलों में नई नियुक्तियों को प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक अहम कदम देखा जा रहा है। करनाल, पानीपत, भिवानी, पलवल और नारनौल जैसे जिलों में नए एसपी के आने से स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग और जनसुरक्षा के रवैये में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
Location : Chandigarh
Published : 4 September 2026, 9:07 AM IST