हिंदी
पति और पत्नी का फोटो (Image: Dynamite News)
Haryana: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुई एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सीतापुर के धामपुर गांव निवासी 40 वर्षीय राजेश की जिस बेरहमी से हत्या की गई, उसने पुलिस को भी कई सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। आरोप है कि पत्नी विमला देवी ने धारदार हथियार से पति के पेट पर इतना गहरा वार किया कि करीब 37 सेंटीमीटर लंबा चीरा लग गया और आंतें बाहर निकल आईं। घटना के बाद पत्नी के छत से कूदकर घायल होने से मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत में सुधार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, राजेश करीब एक साल पहले हरियाणा गया था। वह कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास किराये के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। वह एक वाटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी सप्लाई का काम करता था। मकान मालिक रिंकू के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे कमरे से पति-पत्नी के जोर-जोर से चीखने और चिल्लाने की आवाजें आईं। आवाज सुनकर जब वह छत पर पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।
मकान मालिक ने बताया कि राजेश जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था और उसके पेट पर गहरा घाव था। आरोप है कि उसने विमला को राजेश की बाहर निकली आंतों को एक बोरी में डालते हुए देखा। रिंकू को देखते ही विमला घबरा गई और छत से नीचे कूद गई। गिरने से वह घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को घटनास्थल से छोटे-बड़े तीन चाकू मिलने की बात सामने आई है। सभी हथियारों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया और वारदात के पीछे असली वजह क्या थी। फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक के अनुसार, मृतक के पेट पर करीब 37 सेंटीमीटर लंबा और गहरा घाव मिला है। इसी वजह से आंतें बाहर निकल आई थीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर से करीब आधा लीवर और एक किडनी नहीं मिलने की बात सामने आई है। इस जानकारी के बाद पुलिस जांच का दायरा और बढ़ गया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अंगों के गायब होने की वजह क्या है और क्या इसका हत्या की घटना से कोई संबंध है।
मकान मालिक के मुताबिक, विमला झाड़-फूंक भी करती थी। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों की शादी को कई साल हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। हालांकि पुलिस अभी हत्या की किसी एक वजह पर नहीं पहुंची है। घरेलू विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य सभी संभावित कारणों को जांच में शामिल किया गया है।
केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र संधू ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद राजेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, इस्तेमाल किए गए हथियार और शरीर से अंग गायब होने की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। इस सनसनीखेज मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर राजेश की हत्या किस वजह से हुई और वारदात के बाद शरीर के साथ क्या किया गया।
Location : Haryana
Published : 23 August 2026, 6:54 PM IST