हिंदी
लूथरा ब्रदर्स का बिजनेस पार्टनर गिरफ्तार
New Delhi: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बर्च बाय रोमियो लेन क्लब के को-ओनर अजय गुप्ता को पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली से हिरासत में ले लिया। पकड़ा गया अजय गुप्ता मुख्य आरोपी लूथरा बंधुओं का पार्टनर है, जिसके खिलाफ पहले एक लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। प्रशासन ने नाइट क्लब के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए उसे ढहा दिया है।
क्लब के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा हादसे के तुरंत बाद देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए। इस घटना के करीब पांच घंटे के बाद ही क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा देश छोड़कर भाग निकले। अब गोवा पुलिस ने सीबीआई के जरिए इंटरपोल से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार गोवा पुलिस ने बताया कि जब पुलिस टीम आरोपी अजय गुप्ता के घर गई तो वह फरार मिला, उसके खिलाफ पहले से ही अरेस्ट वॉरंट जारी था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। जिसे अब दिल्ली में हिरासत में लिया गया है। मालूम हो कि गोवा पुलिस ने इससे पहले अजय गुप्ता और अन्य मालिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था।
मामले में छ लोग गिरफ्तार
गोवा पुलिस ने बताया कि अजय गुप्ता को हिरासत में लिया गया है। यह इस मामले में पकड़ा गया छठा व्यक्ति है। इससे पहले पुलिस क्लब के मैनेजर राजीव मोदक, विवेक सिंह, राजीव सिंघानिया, रियांशु ठाकुर और कर्मचारी भरत कोहली को गिरफ्तार कर चुकी है।
गुप्ता ब्रदर्स ने क्लब में पैसा लगाया था
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अजय गुप्ता उत्तरी दिल्ली का रहने वाला है और उसका इस क्लब में बड़ा फाइनेंशियल स्टेक है। जांच में सामने आया है कि अजय गुप्ता और उसका भाई राजेश गुप्ता, दोनों ही सौरभ लूथरा के बिजनेस पार्टनर हैं। गुप्ता ब्रदर्स ने उस क्लब में काफी पैसा निवेश किया हुआ था, जो जलकर खाक हो गया। पुलिस अब अजय गुप्ता से पूछताछ कर रही है ताकि फरार मुख्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके
25 लोगों की हुई थी दर्दनाक मौत
गौरतलब है कि शनिवार देर रात उत्तर गोवा के अर्पोरा इलाके में स्थित इस नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इसमें चार पर्यटक और 14 स्टाफ सदस्य शामिल हैं। सात पीड़ितों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। छह लोग घायल हुए हैं, उनका इलाज चल रहा है।
Location : New Delhi
Published : 10 December 2025, 2:32 AM IST
No related posts found.