हिंदी
पूर्वा एक्सप्रेस में गूंजी नवजात की पहली किलकारी (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Deoghar: देवघर के मधुपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे को एक खुशखबरी मिली। हावड़ा से जमुई जा रही ट्रेन संख्या 12303 पूर्वा एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक महिला यात्री को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर (एसएम), मधुपुर को दी गई। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल रेलवे अस्पताल, मधुपुर के सहायक मंडल चिकित्सा पदाधिकारी (एडीएमओ) को आवश्यक कार्रवाई के लिए मेमो जारी किया।
पूर्वा एक्सप्रेस के मधुपुर रेलवे स्टेशन पहुंचते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट मधुपुर के एएसआई यू. मंडल अपने सहयोगी आरपीएफ जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। उनके अलावा स्टेशन मास्टर, स्टेशन अधीक्षक, वाणिज्य विभाग के कर्मचारी, जीआरपी मधुपुर तथा रेलवे अस्पताल, मधुपुर की चिकित्सा टीम भी मौके पर पहुंची। पूरी कार्रवाई रेलवे अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सनातन हाजरा के नेतृत्व में संपन्न हुई।
चिकित्सा एवं रेलवे की संयुक्त टीम जब ट्रेन के ए-2 कोच की बर्थ संख्या 23 पर पहुंची तो पाया कि महिला यात्री ने ट्रेन के भीतर ही सुरक्षित रूप से एक पुत्र को जन्म दे दिया है। इसके बाद चिकित्सकों ने तुरंत मां और नवजात शिशु की जांच कर आवश्यक प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा दोनों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया।
महिला यात्री ने आगे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक के निर्देश पर आरपीएफ एवं मेडिकल टीम की सहायता से मां और नवजात को पूरी सावधानी के साथ ट्रेन से उतारा गया।
Doctors Day: एक मुस्कान से जीत लेते हैं मरीजों का भरोसा… देवघर के डॉ. शरद की सेवा कहानी बनी मिसाल
इसके बाद आरपीएफ कर्मियों तथा रेलवे अस्पताल के चिकित्सा दल की मौजूदगी में मां और नवजात को महिला के भाई मोहम्मद रियाज अंसारी, जो उसी कोच की बर्थ संख्या 21 पर यात्रा कर रहे थे, के साथ एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल, मधुपुर भेजा गया। वहां दोनों को सुरक्षित रूप से प्रसूति वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान फरहा नाशिन (31 वर्ष), पति आफताब आलम, निवासी निमारंग, थाना जमुई, जिला जमुई (बिहार) के रूप में बताई। वह हावड़ा से जमुई की यात्रा कर रही थीं। उनका पीएनआर नंबर 6506015972 है।
फिलहाल अनुमंडल अस्पताल, मधुपुर में मां और नवजात दोनों चिकित्सकों की निगरानी में हैं तथा उनकी स्थिति सामान्य और उपचाराधीन बताई गई है। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अस्पताल की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से प्रसूता और नवजात को समय पर सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
Location : Deoghar
Published : 3 July 2026, 11:03 PM IST