हिंदी
साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बिहार के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने साइबर अपराध से हासिल रकम का इस्तेमाल कर करीब 50 लाख रुपये के आभूषण खरीदे और ज्वेलरी शोरूम को धोखे में रखा।
मामले का खुलासा तब हुआ जब शहर के एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम के मैनेजर ने थाना शाहपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अलग-अलग फर्मों के बैंक खातों के माध्यम से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण खरीदे गए। बाद में बैंक से ई-मेल मिला कि संबंधित खाते साइबर ठगी से जुड़ी धनराशि के कारण होल्ड कर दिए गए हैं। पुलिस जांच में पता चला कि खरीदारी के दौरान आरोपी लगातार अपने साथी के साथ वीडियो कॉल पर जुड़ा हुआ था। वीडियो कॉल के माध्यम से आभूषणों का चयन, भुगतान और पूरी खरीद प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि साइबर ठगी की रकम को वैध दिखाने के लिए महंगे आभूषण खरीदे गए थे।
Gorakhpur: नकल पर पूरी तरह लगा ब्रेक, जानिए कैसा रहा यूपी टीईटी का पहला दिन?
साक्ष्यों के आधार पर शाहपुर पुलिस ने बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के उचका गांव निवासी धीरज सिंह को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण और थाना शाहपुर पुलिस की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 3 July 2026, 9:05 PM IST